साइबर ठगों के निशाने पर आम आदमी! अब तकनीक से ही होगा ठगी का मुकाबला, जयपुर में आज जुटेंगी 37 टीमें

Spread the love

जयपुर, 28 नवंबर। (प्रेस) डिजिटल युग में मोबाइल फोन और इंटरनेट ने आम आदमी की जिंदगी आसान बनाई है, लेकिन इसी तकनीक का इस्तेमाल करके साइबर अपराधी लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। कभी बैंक अधिकारी बनकर फोन किया जाता है तो कभी केवाईसी अपडेट, बिजली बिल, नौकरी, निवेश और इनाम का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता है।

इसी बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए राजस्थान पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में आज 28 नवंबर से साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026 आयोजित किया जा रहा है। इसमें 37 टीमें साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और तकनीकी समाधान खोजने के लिए हिस्सा लेंगी।

इस पहल का उद्देश्य साइबर सुरक्षा को मजबूत करना और ऑनलाइन ठगी से पीड़ित लोगों की रकम वापस दिलाने में मददगार तकनीकी समाधान तलाशना है।

सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव

साइबर अपराध से बचने के लिए नागरिकों को भी जागरूक होना होगा। किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक पासवर्ड या यूपीआई पिन कभी न बताएं। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करने के लिए कहने वालों से सावधान रहें।

यदि ऑनलाइन ठगी हो जाए तो घबराकर समय न गंवाएं। तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *