कर्ज का जाल: ईएमआई ने हमारी जिंदगी को बँधक बना दिया है

Spread the love

कर्ज का जाल: ईएमआई ने हमारी जिंदगी को बँधक बना दिया हैa

आज हम ऐसी दुनिया में जी रहे हैं जहाँ बिना कर्ज के घर नहीं चलता। ज़िंदगी के हर दूसरे खर्च पर ईएमआई का बोझ है—कभी होम लोन, कभी बाइक की किश्त, कभी मोबाइल की ईएमआई। लेकिन क्या सच में हमें यह सब चाहिए, या हम धीरे-धीरे अपने ही कमाए पैसों पर से अधिकार खोते जा रहे हैं?

ईएमआई सुविधा नहीं, सुविधाओं का भ्रम

वित्तीय कंपनियाँ और बैंक हमें यह विश्वास दिलाते हैं कि ईएमआई एक बड़ी मदद है। “अभी लो, बाद में चुकाओ”—यह टैगलाइन इतनी आकर्षक लगती है कि हम असली कीमत तक देखना भूल जाते हैं।
पर सच यह है कि ईएमआई सुविधा कम और कर्ज का जाल ज्यादा है। छोटा-छोटा भुगतान हमें बड़ा धोखा देता है।

कर्ज में हर्ज नहीं… पर हर्जाना बहुत बड़ा है

कर्ज लेना बुरा नहीं। बुरा है बिना सोचे, बिना हिसाब लगाए कर्ज में कूद जाना।
हम 50 हजार का मोबाइल लेते हैं, सोचते हैं कि 2,499 रुपए की किस्त तो आराम से भर देंगे। पर उस एक मोबाइल पर ही 20–25% तक अतिरिक्त खर्च ब्याज, प्रोसेसिंग फीस, टेक्सेस और छिपी शर्तों के कारण जुड़ जाता है।
अर्थात 50 हजार का मोबाइल हमारे हाथ में 60 हजार से भी ज्यादा का पड़ जाता है।

लेकिन यह हिसाब हम में से कोई लगाता ही नहीं।

हम कर्ज के जल में क्यों उतरते हैं?

क्योंकि हमें चीजें तुरंत चाहिए।
क्योंकि बाज़ार हमारी इच्छाओं को “जरूरत” बनाकर बेचता है।
क्योंकि दिखावे की संस्कृति हमें मजबूर करती है कि हम वैसा ही खरीदें जैसा दुनिया खरीद रही है।
और धीरे-धीरे यह सुविधा हमारी आर्थिक स्वतंत्रता छीन लेती है।

जरा खुद से पूछिए…

कर्ज लेने से पहले एक बार रुक कर खुद से सवाल करें—

क्या यह चीज अभी जरूरी है?

क्या मैं इस किस्त का भार आराम से उठा सकता हूँ?

क्या मैं इसके छिपे हुए खर्च समझता हूँ?

क्या मैं ज्यादा भुगतान करने को तैयार हूँ सिर्फ “आज ही खरीदने” के लिए?

इन सवालों के जवाब आपको बताएँगे कि आप खरीद रहे हैं या खुद को बेच रहे हैं।

यह जाल सिर्फ जेब नहीं, मानसिक शांति भी खाता है

हर महीने की ईएमआई हमें याद दिलाती है कि हमने अपने भविष्य की कमाई पहले ही गिरवी रख दी है।
कई परिवारों का तनाव, तकरार और असंतोष—सबकी जड़ बेवजह उठाए गए कर्ज ही हैं।

समझदारी का समय

कर्ज सिर्फ उतना ही लें जितना जीवन को आगे बढ़ाए, बोझ न बनाए।
खर्च करने से पहले उसका भविष्य मूल्य समझें।
बचत को आदत बनाएं, जरूरतों को इच्छाओं से अलग पहचानें।

आज की सबसे बड़ी स्वतंत्रता वही है—वित्तीय स्वतंत्रता।
और यह तभी मिलेगी जब हम जागरूक होकर निर्णय लेंगे, न कि कंपनियों के विज्ञापनों के दबाव में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *