जयपुर। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े पुजारी व अन्य कैडर के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भर्ती प्रस्ताव तत्काल तैयार कर सरकार को भेजा जाए। बैठक में मंत्री ने कहा कि मंदिरों का सुचारु संचालन और धार्मिक व्यवस्थाओं की मजबूती के लिए पर्याप्त मानव संसाधन आवश्यक है।
बैठक में वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना–2025 की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने रेल व हवाई यात्रा से जुड़ी सभी योजनाओं को मार्च 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सिंधी दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को दी जा रही सहायता राशि बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी शीघ्र कार्रवाई के आदेश दिए गए।
देवस्थान मंत्री ने बताया कि अब तक 40 विशेष ट्रेनों के माध्यम से 34,755 वरिष्ठ नागरिकों को देश के विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन कराए जा चुके हैं, जबकि 29 फ्लाइट्स के जरिए 1,521 श्रद्धालुओं को नेपाल स्थित तीर्थों की यात्रा करवाई गई है। इसके अलावा राजस्थान में लंबित मंदिर निर्माण कार्यों को गति देने, देवस्थान विभाग की भूमि पर नए निर्माण कराने तथा चिन्हित मंदिरों की डीपीआर तैयार कर वित्तीय स्वीकृति के बाद कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए।
सरकार का यह कदम न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि देवस्थान विभाग की व्यवस्थाओं को मजबूत कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
