रात के अंधेरे में बीच रास्ते केकड़ी के पास खराब हुई रोडवेज बस, 50 से अधिक यात्री परेशान

Spread the love

अजमेर/केकड़ी। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अजमेर से बारां के लिए रात 9 बजे रवाना हुई रोडवेज बस नंबर RJ 28 PA 2010 केकड़ी के पास रास्ते में अचानक खराब हो गई, जिससे बस में सवार 50 से अधिक यात्रियों को देर रात तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बस खराब होने के बाद करीब 30 महिलाएं, बच्चे और अन्य यात्री रात के अंधेरे में सड़क किनारे बैठे रहे। यात्रियों का आरोप है कि रोडवेज की ओर से कोई आपातकालीन सहायता या वैकल्पिक व्यवस्था तुरंत उपलब्ध नहीं करवाई गई। करीब रात 1:30 बजे उसी रूट पर आने वाली दूसरी बस में यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर भेजा गया, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा झेलनी पड़ी।

यात्रियों के मुताबिक, इस दौरान रोडवेज अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई। एक अधिकारी से फोन पर बात भी हुई, लेकिन आरोप है कि अधिकारी ने बस खराब होने की जानकारी सुनते ही फोन काट दिया। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी की आवाज से ऐसा लग रहा था कि वह नशे की हालत में थे

राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत

घटना से नाराज एक यात्री ने पूरे मामले की राजस्थान संपर्क पोर्टल पर औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। यात्रियों का कहना है कि अगर रात के समय कोई गंभीर घटना हो जाती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता।

रोडवेज नियमों के अनुसार जिम्मेदारी

परिवहन नियमों और रोडवेज के सेवा प्रावधानों के अनुसार:

  1. बस खराब होने पर चालक और परिचालक (ड्राइवर-कंडक्टर) की जिम्मेदारी होती है कि वे तुरंत नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) और संबंधित डिपो को सूचना दें।
  2. रोडवेज प्रबंधन का दायित्व होता है कि तत्काल वैकल्पिक बस या राहत वाहन भेजकर यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था करे।
  3. यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) की कानूनी और नैतिक जिम्मेदारी है।
  4. विशेष रूप से रात के समय महिला यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आपातकालीन सहायता और त्वरित प्रबंधन अनिवार्य माना जाता है।

सवालों के घेरे में रोडवेज व्यवस्था

इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिर रात के समय रोडवेज की आपातकालीन व्यवस्था क्यों सक्रिय नहीं हुई। क्या इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी, या फिर प्रदेश की जनता को ऐसी परेशानियों का सामना आगे भी करना पड़ेगा।

अब देखना होगा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद परिवहन विभाग और रोडवेज प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है

One thought on “रात के अंधेरे में बीच रास्ते केकड़ी के पास खराब हुई रोडवेज बस, 50 से अधिक यात्री परेशान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *