जनता के दरवाजे पहुंचा पूरा जिला प्रशासन, कल्याणपुर में ‘जन विश्वास’ का बड़ा शिविर; 323 आवेदन मौके पर निपटे, 4,228 लंबित मामलों में 2,671 का समाधान
रीवा/जवा। शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जवा विकासखंड के ग्राम कल्याणपुर में आयोजित शिविर ने प्रशासनिक सक्रियता की एक बड़ी तस्वीर पेश की। जिला मुख्यालय से कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित जिला स्तरीय अधिकारियों का पूरा अमला बस से कल्याणपुर पहुंचा और दिनभर आम लोगों की समस्याएं सुनने के साथ योजनाओं की जमीनी स्थिति की निगरानी करता रहा।शिविर में आम जनता से प्राप्त 323 आवेदन पत्रों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े 4,228 लंबित आवेदनों में से 2,671 का निराकरण किया गया। प्रशासन के अनुसार लोक सेवा गारंटी, सीएम हेल्पलाइन और अन्य विभागीय प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया को भी अभियान के तहत गति दी गई।
‘सरकार जनता के दरवाजे पर’—सांसद जनार्दन मिश्रा
शिविर को संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से सरकार आम जनता के दरवाजे तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अधिकारी लगातार जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में जनता की सहभागिता भी जरूरी है।सांसद ने बिजली बिलिंग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ताओं को उनकी वास्तविक खपत के अनुसार बिल दिए जाएं। उन्होंने कहा कि मनमानी बिलिंग को लेकर शिकायतें मिल रही हैं, जिन पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
दिव्यराज सिंह ने उठाया बाढ़ पीड़ितों के आवास का मुद्दा
सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह ने जन विश्वास अभियान को गरीब और वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारियों का क्षेत्र भ्रमण और योजनाओं की निगरानी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।विधायक ने तराई क्षेत्र में बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए कच्चे मकानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रभावित गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाए और प्रत्येक पात्र हितग्राही का नाम योजना में शामिल किया जाए।उन्होंने संबल योजना में पात्र मजदूरों का पंजीयन, ताकि उन्हें कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके, तथा सांदीपनि विद्यालय भवनों का निर्माण पूरा कर लोकार्पण कराने की मांग भी रखी।
उद्यम क्रांति योजना से 10.43 लाख की सहायता
कल्याणपुर शिविर में प्रशासनिक सुनवाई के साथ आर्थिक सशक्तिकरण की तस्वीर भी दिखाई दी। उद्योग विभाग की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत—सुनीता गुप्ता को किराना उद्योग के लिए 4.50 लाख रुपए तथा सूरज गुप्ता को फुटकर व्यवसाय के लिए 5.93 लाख रुपए की राशि वितरित की गई।शिविर के साथ उद्यम संवाद भी आयोजित हुआ, जिसमें सफल उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए।
12 स्वसहायता समूहों को 25 लाख, 7 परिवारों को संबल सहायता
मुख्यमंत्री संबल योजना के अंतर्गत 7 पीड़ित परिजनों को अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं आजीविका मिशन के 12 स्वसहायता समूहों को 25 लाख रुपए की अनुदान राशि वितरित की गई।इसके अलावा दो महिलाओं को आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
नीता कोल ने रखी हनुमान मंदिर सौंदर्यीकरण की मांग
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने कहा कि जन विश्वास शिविर के माध्यम से आम जनता के आवेदनों की मौके पर सुनवाई हो रही है और हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने हनुमान जी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की मांग रखी।जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा तिवारी और एसडीएम माइकल तिर्की ने भी शिविर को संबोधित किया।
जनता से सीधे संवाद, मौके पर अधिकारियों को निर्देश
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने शिविर के दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जन विश्वास शिविरों के माध्यम से जनता की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख गौड़ा ने शिविर के उद्देश्यों के साथ मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी।
राशन दुकान भी पहुंचा प्रशासन, खाद्यान्न की गुणवत्ता परखी
जन विश्वास अभियान के दौरान कलेक्टर सूर्यवंशी और सीईओ सृष्टि देशमुख गौड़ा ने उचित मूल्य दुकान कल्याणपुर का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से खाद्यान्न वितरण की जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने नियमित खाद्यान्न वितरण की बात कही। दुकान में उपलब्ध गेहूं और चावल की गुणवत्ता अच्छी पाई गई।
पर्यावरण का संदेश भी—कलेक्टर और सीईओ ने रोपे आम के पौधे
शिविर के दौरान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख गौड़ा ने माध्यमिक शाला परिसर के समीप आम के पौधे रोपे। इस तरह प्रशासनिक गतिविधियों के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कल्याणपुर से निकला प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का संदेश
जन विश्वास शिविर की पूरी तस्वीर को देखें तो एक तरफ जिला प्रशासन का गांव तक पहुंचना, दूसरी तरफ आवेदनों का मौके पर निराकरण, तीसरी तरफ हितग्राहियों को योजनाओं का सीधा लाभ और चौथी तरफ जनप्रतिनिधियों द्वारा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाना—इन सभी पहलुओं ने कल्याणपुर के शिविर को खास बना दिया। सरकार की योजनाएं कितनी तेजी से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं, इसका असली पैमाना गांव की जमीन पर होता है। कल्याणपुर में आयोजित जन विश्वास शिविर इसी जमीनी पहुंच और प्रशासनिक सक्रियता की तस्वीर पेश करता नजर आया।
