नई दिल्ली।(Pib)
कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाने और परीक्षा के तनाव को कम करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर अपने लोकप्रिय वार्षिक कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ के माध्यम से देशभर के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद करेंगे। इसके लिए प्रधानमंत्री ने देश के #ExamWarriors से उनके प्रश्न, विचार और अनुभव साझा करने का आह्वान किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे बोर्ड परीक्षाएं नजदीक आ रही हैं, वैसे-वैसे यह कार्यक्रम छात्रों के लिए और अधिक प्रासंगिक हो जाता है। उन्होंने विशेष रूप से परीक्षा के तनाव से निपटने, शांत और आत्मविश्वासी रहने तथा मुस्कुराते हुए परीक्षा देने के तरीकों पर संवाद करने की इच्छा जताई।
प्रधानमंत्री ने छात्रों से आग्रह किया है कि वे अपने ऐसे अनुभव और सवाल साझा करें, जो न केवल उनके लिए बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकें। ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम बीते वर्षों में छात्रों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रहा है और इसे परीक्षा को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करने का एक प्रभावी मंच माना जाता है।
इस कार्यक्रम में केवल छात्र ही नहीं, बल्कि अभिभावक और शिक्षक भी अपनी भूमिका, अनुभव और सुझाव साझा कर सकते हैं, जिससे परीक्षा को बोझ नहीं बल्कि उत्सव के रूप में देखने की सोच को बढ़ावा मिल सके।
प्रधानमंत्री ने देशभर के इच्छुक प्रतिभागियों से MyGov पोर्टल के माध्यम से अपने सुझाव और प्रश्न भेजने का अनुरोध किया है।
