“गहलोत ने सीधा सवाल दागा — ‘प्रधानमंत्री जी, मोदी की गारंटी कहां गई? राजस्थान की जनता अब हिसाब मांग रही है।’”
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुरुवार को हुए बांसवाड़ा दौरे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उन पर तीखे कटाक्ष किए। गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में स्व. कन्हैयालाल साहू के प्रकरण पर एक शब्द नहीं बोला, जबकि राजस्थान की जनता अब भी न्याय की राह देख रही है। गहलोत ने आरोप लगाया कि पहले गृह मंत्री और अब प्रधानमंत्री की इस मामले पर चुप्पी दिखाती है कि केन्द्र सरकार इस मुद्दे को लेकर बिल्कुल भी संवेदनशील नहीं है और यह उनके लिए केवल चुनावी राजनीति का विषय भर था।
गहलोत ने याद दिलाया कि केन्द्र सरकार की एजेंसी NIA तीन साल बाद भी अपराधियों को सजा दिलाने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जी सरकारी कार्यक्रमों में पहले अपनी सरकार की उपलब्धियां और भविष्य का विज़न रखते थे, लेकिन अब सरकारी मंच से भी कांग्रेस को कोसने वाली राजनीति की जा रही है, जो किसी भी तरह उचित नहीं है।”
गहलोत ने प्रधानमंत्री के चुनाव पूर्व वादों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मोदी ने गारंटी दी थी कि कांग्रेस सरकार की किसी योजना को बन्द नहीं किया जाएगा, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद या तो योजनाओं को बन्द कर दिया गया है या कमजोर कर दिया गया है। गहलोत ने तंज कसते हुए कहा, “नाम बदलने से हमें ऐतराज नहीं है, पर प्रधानमंत्री जी जांच कर लें कि कितनी योजनाओं को कमजोर कर दिया गया है।”
गहलोत ने आगे कहा, “बेहतर होता कि प्रधानमंत्री चुनाव पूर्व किए गए वादों का हिसाब जनता को देते। राजस्थान की जनता से वोट लेने के लिए जो भ्रम फैलाया गया था, उसकी हकीकत अब सामने आ चुकी है। मोदी की गारंटी की राजस्थान में हवा निकल चुकी है।”
यह भी पढ़ें : –

One thought on “बांसवाड़ा दौरे पर मोदी पर गहलोत के तंज — “मोदी की गारंटी की राजस्थान में हवा निकल चुकी है””