अजमेर। कोटड़ा बैरवा बस्ती की 22 वर्षीय पूजा, जिसने 17 सितम्बर को अपने आंगन में किलकारी भरने वाले बेटे को जन्म दिया था, अब वह इस दुनिया में नहीं रही । डिलीवरी के बाद ऑपरेशन पर ऑपरेशन और बढ़ती तकलीफों ने आखिर उसकी जिंदगी छीन ली। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही ने पूजा की जान ले ली।
17 तारीख को ऑपरेशन से बेटे को जन्म देने के बाद अगले ही दिन 18 सितम्बर को डॉक्टरों ने एक और ऑपरेशन कर डाला। परिजन कहते हैं, उनसे खाली फॉर्म पर दस्तखत करवा लिए गए तब बताया कि “पेट में गंदा पानी जमा है, उसे निकालना है।” इसके बाद पूजा की हालत और बिगड़ती चली गई। लगातार ब्लीडिंग होती रही, लेकिन डॉक्टरों ने परिवार को कोई ठोस जानकारी नहीं दी।
19 सितम्बर को पूजा की हालत डॉक्टरों से नहीं संभाली तो उन्होंने उसे अजमेर के जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं आज सुबह पूजा की मौत हो गई। अचानक डॉक्टरों ने मौत का कारण “किडनी फेल होना” बताया, लेकिन परिजनों को यकीन है कि मामला कुछ और है।
मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग जमा हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू की है, लेकिन परिवार दूसरे डॉक्टर से जांच करवाने की मांग पर अड़ा हुआ है ताकि असलियत सामने आ सके।

One thought on “अजमेर से एक दर्दनाक घटना – लापरवाह इलाज ने छीन ली मां की जिंदगी”