फर्जी दस्तावेजों से रोडवेज में नौकरी करने वाला चालक गिरफ्तार, सेंट्रल जेल जयपुर भेजा गया
जयपुर। राजस्थान रोडवेज में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में थाना विधायकपुरी, जयपुर दक्षिण पुलिस ने कई दिनों की कार्रवाई जांच के बाद बर्खास्त किए गए चालक सतवीर सिंह चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सतवीर सिंह चौधरी ने रोडवेज में चालक पद पर नियुक्ति के लिए फर्जी शैक्षणिक मार्कशीट एवं फर्जी जन्मतिथि से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए थे।
विभागीय जांच में फर्जीवाड़ा साबित
दस्तावेजों की सत्यता को लेकर संदेह होने पर राजस्थान रोडवेज प्रशासन द्वारा मामले की विभागीय जांच करवाई गई। जांच में प्रस्तुत सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ आरोप प्रमाणित मानते हुए उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
कोर्ट से भी नहीं मिली राहत
बर्खास्तगी के बाद आरोपी द्वारा माननीय न्यायालय में दायर की गई याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट से कोई राहत नहीं मिलने पर राजस्थान रोडवेज जयपुर डिपो की ओर से पुलिस थाने में आपराधिक मामला दर्ज कराया गया।
रोडवेज प्रशासन की शिकायत पर थाना विधायकपुरी में
एफआईआर दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 21 दिसंबर को आरोपी सतवीर को गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद न्यायालय ने 23 दिसंबर को आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल, जयपुर भेज दिया ।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज कहां से और किसके माध्यम से तैयार किए गए तथा नियुक्ति प्रक्रिया में किसी अन्य व्यक्ति या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं रही। मामले में आगे की जांच जारी है ।
