
पचमठा घाट पर 50 हजार दीपों से होगा शुभारंभ, जिलेभर में रक्तदान शिविर से लेकर स्वास्थ्य मेले तक होंगे आयोजन; स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं भी
रीवा। शासन के निर्देशानुसार रीवा जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने की तैयारी जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान निर्धारित प्रत्येक गतिविधि को पूरी गंभीरता और प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।कलेक्टर ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि अभियान के प्रथम दिन 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीपक’ जलाकर इसकी शुरुआत की जाएगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम रीवा के रिवर फ्रंट स्थित पचमठा घाट पर आयोजित होगा, जहां 50 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही अपने-अपने घरों में शाम के समय दीप जलाकर अभियान में सहभागिता करेंगे।जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों से जुड़े हितग्राहियों से दीप प्रज्वलित करने का अनुरोध करें और संबंधित हितग्राहियों की सूची कलेक्टर कार्यालय तथा अभियान के नोडल अधिकारियों को उपलब्ध कराएं। अभियान के शुभारंभ दिवस पर जिलेभर में वृहद रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
स्कूल-कॉलेजों में भी दिखेगा अभियान का रंग
अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए शिक्षण संस्थानों को भी इससे जोड़ा गया है। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं के विषय शासन की कल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत की संकल्पना पर केंद्रित रहेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की श्रेष्ठ कृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।इसी दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से शासन की उपलब्धियों और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने की तैयारी है। नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए कार्यक्रमों का तिथिवार निर्धारण किया गया है। निर्धारित कार्यक्रमों में लोक कलाकार नुक्कड़ नाटकों के जरिए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। इसी क्रम में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन भी किया जाएगा।
हर कार्यक्रम की शुरुआत पांच पौधों से
अभियान के दौरान जिले के विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित ‘कहानी बदलाव की’ तैयार की जाएगी। इसके लिए जनसंपर्क विभाग को नोडल जिम्मेदारी दी गई है। सभी विभागों को अपनी उपलब्धियों और योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की 10 वीडियो बाइट तथा फोटो सहित सफलता की कहानियां 10 सितंबर तक जनसंपर्क कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।जिले के विकास कार्यों और प्रमुख स्थलों को लेकर सोशल मीडिया पर सकारात्मक जानकारी पहुंचाने के लिए इन्फ्लुएंसर्स को भी प्रमुख विकास स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को ऐसे स्थलों का चयन कर सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
साइबर सुरक्षा से लेकर स्वच्छता और सड़क सुरक्षा तक होंगे कार्यक्रम
अभियान के दौरान 7 अक्टूबर को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 2 अक्टूबर को सभी शासकीय कार्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अधिकारी-कर्मचारी भी भागीदारी करेंगे।इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य मेले भी आयोजित किए जाएंगे। 10 अक्टूबर को ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय में विशाल ह्यूमन रंगोली का आयोजन प्रस्तावित है।कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि निर्धारित समयसीमा में पूरी तैयारी के साथ आयोजित हो और इसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों तक भी समय पर पहुंचाई जाए। अभियान का तिथिवार कार्यक्रम उप मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पंचायत के पदाधिकारियों, विंध्य विकास प्राधिकरण के पदाधिकारियों, महापौर, नगर परिषद अध्यक्षों, पार्षदों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाएगा। एक महीने तक चलने वाला यह अभियान रीवा में सरकारी योजनाओं, जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता और विकास कार्यों को एक साझा मंच पर लाने की बड़ी कवायद के रूप में सामने आ रहा है।SLUG
