जनहित याचिकाओं पर सख्ती के संकेत, सुप्रीम कोर्ट में केंद्र बोला—‘खत्म करने का समय आ गया’
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिकाओं को लेकर एक अहम बहस छिड़ गई है। सुनवाई के दौरान भारत सरकार की ओर से अदालत के समक्ष कहा कि अब समय आ गया है कि जनहित याचिकाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाई जाए और अनावश्यक याचिकाओं को समाप्त किया जाए ।
केंद्र सरकार ने अपने पक्ष में दलील देते हुए कहा कि वर्तमान समय में कई जनहित याचिकाएं वास्तविक जनहित के बजाय निजी, राजनीतिक या प्रचार के उद्देश्य से दायर की जा रही हैं। ऐसे मामलों में अदालत का बहुमूल्य समय व्यर्थ होता है और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित होती है। सरकार का मानना है कि इस प्रवृत्ति पर नियंत्रण जरूरी है ताकि न्यायालय केवल गंभीर और वास्तविक जनहित से जुड़े मामलों पर ध्यान केंद्रित कर सके।
जनहित याचिका की व्यवस्था भारत में आम नागरिकों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी, जिससे कोई भी व्यक्ति सामाजिक या सार्वजनिक हित के मुद्दों को अदालत के सामने रख सके। और विभिन्न हाई कोर्ट्स ने समय-समय पर PIL के माध्यम से कई महत्वपूर्ण फैसले दिए हैं, जिससे गरीब और कमजोर वर्गों को राहत मिली है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में अदालतों ने भी कई मामलों में यह टिप्पणी की है कि PIL का दुरुपयोग बढ़ रहा है और गैर-गंभीर याचिकाओं पर जुर्माना भी लगाया गया है।
मौजूदा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं दिया है, लेकिन यह संकेत जरूर दिए हैं कि अदालत भी इस मुद्दे पर गंभीर है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में कोर्ट PIL को लेकर कुछ सख्त दिशा-निर्देश जारी कर सकता है, जिससे केवल वास्तविक जनहित के मामलों को ही प्राथमिकता मिल सके।
इस पूरे घटनाक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जहां एक ओर जनहित याचिकाएं लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ हैं, वहीं दूसरी ओर उनके दुरुपयोग को रोकना भी उतना ही आवश्यक है। अब नजर सुप्रीम कोर्ट के अंतिम रुख पर टिकी है, जो भविष्य में PIL की दिशा और स्वरूप तय कर सकता है।

https://shorturl.fm/QYXoI