“राजनीतिक प्रतिशोध, जब तक जिंदा हूं बीजेपी से लड़ता रहूंगा” — तेजस्वी यादव

Spread the love

नई दिल्ली/पटना, एजेंसी 13 अक्टूबर 2025
आईआरसीटीसी होटल घोटाले के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा आरोप तय किए जाने के बाद, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है और वे जब तक जिंदा हैं, बीजेपी से लड़ते रहेंगे।

तेजस्वी यादव ने कहा कि “यह कोई न्यायिक प्रक्रिया नहीं बल्कि राजनीतिक बदले की कार्रवाई है। चुनाव नजदीक आते ही बीजेपी एजेंसियों के सहारे विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है, लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं। जब तक सांस है, बीजेपी की नफरत और तानाशाही के खिलाफ लड़ता रहूंगा।”

कोर्ट ने इस मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत अन्य आरोपियों पर भ्रष्टाचार और साजिश से जुड़े आरोप तय किए हैं। यह मामला रेलवे के दो होटलों के आवंटन में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है, जो लालू यादव के रेल मंत्री रहते हुआ ।

तेजस्वी ने कहा कि विपक्षी नेताओं को डराने के लिए सीबीआई और ईडी जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। “यह साजिश है ताकि हम चुनाव से पहले बदनाम हो जाएं। पर हमने पहले भी कई तूफानों का सामना किया है — और तूफानों से लड़ना ही हमारा अंदाज है।”

आरजेडी नेता ने दावा किया कि हाल ही में एक केंद्रीय मंत्री ने उन्हें धमकी दी थी कि वे आने वाले चुनाव लड़ने लायक नहीं रहेंगे।
तेजस्वी ने कहा कि वह अदालत की प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे और न्यायपालिका से उन्हें पूरा भरोसा है कि “सच की जीत जरूर होगी।”

तेजस्वी ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव को “मैनेजमेंट गुरु” बताते हुए कहा कि विपक्ष को तोड़ने और दबाने की राजनीति लंबे समय तक नहीं टिकेगी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता जानती है कि किसके साथ अन्याय हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *