जयपुर/सवाई माधोपुर, 2 फरवरी।
कृषि एवं उद्यानिकी आपदा मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सोमवार को सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने परिवेदनाओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
मंत्री डॉ. मीणा ने स्पष्ट कहा कि नए सड़क निर्माण कार्य पुराने सड़क स्तर की गहरी खुदाई के बाद ही कराए जाएं, ताकि भविष्य में घरों और कॉलोनियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कानून व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
नगर परिषद क्षेत्र में मृत पशुओं के त्वरित निस्तारण को लेकर मंत्री ने नगर परिषद प्रशासक एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर को टीम गठित कर नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जीएसएस फीडर के माध्यम से हो रही अनियमित आपूर्ति के निस्तारण हेतु विद्युत विभाग के अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सख्त मॉनिटरिंग करने को कहा।
राजबाग क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण में हो रही देरी तथा आरएसआरडीसी द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी पर कृषि मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने दो टूक कहा कि जिले के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी, लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी अधिकारियों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे और उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।
