अजमेर। बच्चों के भावनात्मक और मानसिक विकास को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच 1 फरवरी को माकड़वाली रोड स्थित बचपन प्ले स्कूल में निःशुल्क माइंडफुल पेरेंटिंग वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य माता-पिता को बच्चों के भावनात्मक विकास, व्यवहार समझने और सकारात्मक पालन-पोषण के आधुनिक तरीकों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट सुश्री प्रगति पंत ने अभिभावकों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों की भावनाओं को समझने, उनके व्यवहार को सही दिशा देने और माइंडफुल पेरेंटिंग के व्यावहारिक तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सुश्री पंत ने कहा कि जागरूक और संवेदनशील पालन-पोषण से बच्चों में आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन और स्वस्थ मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है।
कार्यशाला के दौरान तनाव प्रबंधन, बच्चों के व्यवहार में सुधार, स्क्रीन टाइम नियंत्रण तथा माता-पिता और बच्चों के बीच मजबूत भावनात्मक संबंध स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। अभिभावकों ने विशेषज्ञ द्वारा दिए गए सुझावों को दैनिक जीवन में अपनाने योग्य और अत्यंत उपयोगी बताया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में माता-पिता उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक कदम बताया। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Turn traffic into cash—apply to our affiliate program today!