RJD ने भेजा 32 गायकों को नोटिस, चुनाव के दौरान बिना अनुमति नाम किया उपयोग

Spread the love

बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने पार्टी की छवि खराब करने के आरोप में 32 भोजपुरी गायकों को कानूनी नोटिस जारी किया है। आरजेडी के वरिष्ठ प्रवक्ता चितरंजन गगन ने पुष्टि की कि चुनाव अवधि में बिना अनुमति पार्टी और उसके नेताओं का नाम लेकर कई गाने जारी किए गए, जिनकी वजह से पार्टी को मानहानि का सामना करना पड़ा। पार्टी का कहना है कि इन गानों में हिंसात्मक और नकारात्मक शब्दों का प्रयोग किया गया था, जिनसे विरोधी दलों ने चुनावी फायदा उठाया।

नोटिस में गायकों से पूछा गया है कि क्यों नहीं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। आरजेडी का आरोप है कि कुछ गाने जानबूझकर “जंगलराज”, हिंसा और अराजकता की छवि को उभारने के लिए बनाए गए, जिनकी टाइमिंग भी चुनाव प्रचार से ठीक पहले की गई। पार्टी ने यह भी दावा किया कि कई गानों ने सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसार पाकर जनता को गुमराह किया।

आरजेडी ने चेतावनी दी है कि यदि गायकों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो पार्टी मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाएगी। चुनाव के बाद आरजेडी की यह सख्ती पार्टी की छवि बचाने और गलत प्रचार के खिलाफ नियंत्रण स्थापित करने की रणनीति के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *