धर्मेंद्र का निधन: बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ ने 89 वर्ष की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

Spread the love

मुंबई, 24 नवंबर 2025।

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ कहे जाने वाले धर्मेंद्र का सोमवार सुबह 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के जुहू स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। बीते कुछ समय से वे स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। कुछ दिन पहले सांस लेने में तकलीफ के चलते उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से 12 नवंबर को छुट्टी मिलने के बाद घर पर ही उनका उपचार चल रहा था।

अभिनेता के निधन की खबर सामने आते ही फिल्म उद्योग, राजनीति और देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए इसे “भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत” बताया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि धर्मेंद्र का जाना भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। बॉलीवुड सितारे, प्रशंसक और उनके परिवारजन शोक में डूब गए।

धर्मेंद्र की अंतिम यात्रा जुहू से विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट के लिए निकली, जहां श्रद्धांजलि देने के लिए फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम, जिनमें अमिताभ बच्चन, आमिर खान और संजय दत्त शामिल थे, पहुंचे। अंतिम संस्कार सादगी और सम्मान के साथ सम्पन्न हुआ।

करीब 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके धर्मेंद्र 1970 और 80 के दशक के सबसे चमकते सितारों में रहे। शोले, अनुपमा, धरम वीर, यादों की बारात और सत्यकाम जैसी फिल्मों ने उन्हें दर्शकों के दिलों में अमर बना दिया। उनकी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ 25 दिसंबर 2025 को रिलीज़ होने वाली है। अपने लंबे फिल्मी सफर में उन्हें पद्मभूषण सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया।

धर्मेंद्र के निधन से भारतीय सिनेमा में आई यह रिक्तता लंबे समय तक भरी नहीं जा सकेगी। उनकी सरलता, आत्मीयता और पर्दे पर दमदार उपस्थिति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। उनके चाहने वालों के दिलों में ‘ही-मैन’ की याद हमेशा जीवित रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *