मारपीट, चोरी, छेड़छाड़ और दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोपों के आधार पर जिला बदर की कार्रवाई, छह जिलों की सीमाओं में प्रवेश पर रहेगी रोक
रीवा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने पांच आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह की रिपोर्ट के आधार पर पांच व्यक्तियों को एक वर्ष के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए हैं।प्रशासनिक आदेश के मुताबिक, प्रतिबंधित व्यक्तियों को रीवा जिले के साथ-साथ मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सतना और मैहर की सीमाओं से भी बाहर रहना होगा। इस कार्रवाई के तहत संबंधित व्यक्तियों को कुल छह जिलों की राजस्व सीमाओं में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्ती
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मारपीट, चोरी, छेड़छाड़ तथा इलाके में भय का माहौल पैदा करने जैसी गतिविधियों को लेकर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस प्रतिवेदन में उनके व्यवहार और आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी, जिसके बाद जिला दंडाधिकारी ने जिला बदर के आदेश जारी किए।
48 घंटे में छोड़नी होंगी प्रतिबंधित जिलों की सीमाएं
आदेश जारी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों को 48 घंटे के भीतर प्रतिबंधित जिलों की सीमाओं से बाहर निकलना होगा। इसके बाद एक वर्ष तक सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना इन जिलों में प्रवेश नहीं किया जा सकेगा।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर आदेश की अनदेखी करने या प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करने की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
