प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से किया सम्मानित

Spread the love

भारत–ओमान मित्रता को वैश्विक सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ प्रदान

नई दिल्ली/मस्कट। भारत और ओमान के बीच ऐतिहासिक संबंधों को एक नई ऊँचाई देते हुए ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से सम्मानित किया। यह सम्मान भारत–ओमान संबंधों को सुदृढ़ करने में प्रधानमंत्री के असाधारण योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया।

सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इसे दोनों देशों की सदियों पुरानी मित्रता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार भारत और ओमान के 1.4 अरब लोगों के बीच आपसी स्नेह, विश्वास और साझेदारी का प्रतीक है। प्रधानमंत्री की ओमान यात्रा के दौरान यह सम्मान ऐसे समय प्रदान किया गया है, जब भारत–ओमान राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जिससे इस अवसर का महत्व और बढ़ जाता है।

उल्लेखनीय है कि ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ की स्थापना वर्ष 1970 में तत्कालीन सुल्तान काबूस बिन सईद ने की थी। यह सम्मान विश्व के चुनिंदा नेताओं को सार्वजनिक जीवन में उत्कृष्ट योगदान और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने के लिए प्रदान किया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी को यह अलंकरण मिलना भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और पश्चिम एशिया क्षेत्र में उसकी रणनीतिक भूमिका को भी रेखांकित करता है।

यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भारत–ओमान साझेदारी की निरंतर प्रगति, सांस्कृतिक जुड़ाव और भविष्य उन्मुख सहयोग की सशक्त अभिव्यक्ति है

यह भी पढ़ें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *