भीड़ ने किया पथराव, वाहनों को नुकसान; पुलिस ने 13 आरोपियों को किया गिरफ्तार
नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में शनिवार देर रात बड़ा बवाल हो गया। बिछौर थाना पुलिस की टीम चोरी और साइबर ठगी के आरोपी को पकड़ने गांव इंदाना पहुंची थी। दबिश के दौरान आरोपी ने अचानक पिस्तौल निकालकर पुलिस पर गोली चला दी। गोली सिपाही समीर के हाथ को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया।

इस बीच आरोपी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया। देखते ही देखते दर्जनों लोग जुट गए और पुलिस पर राइफल व देशी कट्टों से फायरिंग शुरू कर दी। भीड़ ने पथराव किया और पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत पुन्हाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए 7 से 8 राउंड हवाई फायर किए और मौके से एक पिस्तौल व अवैध हथियार बरामद किए। हमले के बाद पुलिस ने दबिश देकर 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। बिछौर थाना पुलिस ने 30 नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा डालने, अवैध हथियार रखने और जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया है।
नूंह पुलिस अधीक्षक ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
यह भी सुनें :-

One thought on “नूंह में पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ हमला, तीन जवान घायल, 13 गिरफ्तार”