नगर निकाय चुनाव 2026: आज से नामांकन का श्रीगणेश, 27, 29 और 31 अगस्त को ही जमा होंगे पर्चे

Spread the love

अजमेर। नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर चुनावी प्रक्रिया अब मैदान में उतरने जा रही है। आज 27 अगस्त से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 27, 29 और 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।

नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू होने के बाद 28 अगस्त को रक्षाबंधन तथा 30 अगस्त को रविवार का अवकाश रहेगा। इसके चलते इन दोनों दिनों में नामांकन दाखिल नहीं किए जाएंगे। अभ्यर्थियों के पास नामांकन जमा करने के लिए तीन दिन ही उपलब्ध रहेंगे।

अजमेर नगर निगम के वार्डों के अनुसार नामांकन के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। वार्ड 1 से 20 के लिए न्यायालय अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर, नए भवन के कमरा नंबर-1, वार्ड 21 से 40 के लिए न्यायालय सहायक कलेक्टर मुख्यालय, अजमेर पुराने भवन, वार्ड 41 से 60 के लिए न्यायालय उपखंड अधिकारी अजमेर, नए भवन के कक्ष संख्या-2 तथा वार्ड 61 से 80 के लिए न्यायालय अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन, नए भवन के कक्ष संख्या-3 में नामांकन जमा होंगे।

यह भी पढ़ें:

इसी तरह नगर परिषद किशनगढ़ में वार्ड 1 से 30 के लिए उपखंड कार्यालय किशनगढ़ तथा वार्ड 31 से 60 के लिए तहसील कार्यालय किशनगढ़ में नामांकन लिए जाएंगे। नगर परिषद पुष्कर के लिए उपखंड कार्यालय पुष्कर निर्धारित है।

अन्य निकायों में नगर पालिका केकड़ी के लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय केकड़ी, नसीराबाद के लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय नसीराबाद, सरवाड़ के लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय सरवाड़, सावर के लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय सावर, टांटोटी के लिए तहसील कार्यालय के कमरा नंबर-2 तथा पीसांगन के लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय पीसांगन में नामांकन जमा किए जाएंगे।

नामांकन शुरू होने के साथ ही स्थानीय राजनीति में भी हलचल तेज होने की उम्मीद है। टिकट की दौड़ में शामिल दावेदारों से लेकर संभावित बागियों तक की निगाहें अब अंतिम समय में होने वाले राजनीतिक समीकरणों पर टिकी हैं। आज से कागज पर दावेदारी और मैदान में चुनावी जंग—दोनों की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *