मेरठ को मिली आधुनिक परिवहन की सौगात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो भारत रैपिड रेल व मेरठ मेट्रो का किया उद्घाटन

Spread the love


मेरठ | संवाददाता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल सेवा तथा मेरठ मेट्रो कॉरिडोर का लोकार्पण करते हुए इसे विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। देश में पहली बार एक ही दिन और एक ही मंच से रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का संयुक्त शुभारंभ किया गया है, जिसे क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परियोजना आधुनिक और एकीकृत कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसमें शहर के भीतर यात्रा के लिए मेट्रो तथा दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के शहरों को जोड़ने के लिए नमो भारत ट्रेन संचालित होगी। उन्होंने कहा कि अब बुनियादी ढांचा परियोजनाएं वर्षों तक लंबित नहीं रहतीं, बल्कि तय समय में पूरी की जा रही हैं।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने मेरठ मेट्रो में यात्रा कर छात्रों और यात्रियों से संवाद भी किया। उन्होंने परियोजना को “नारी शक्ति” का प्रतीक बताते हुए कहा कि ट्रेन संचालन और स्टेशन प्रबंधन में बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यरत हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ में रेलवे, मेट्रो और बस सेवाओं का एकीकरण किया गया है। इससे यात्रियों को शहर और राजधानी दिल्ली के बीच तेज, सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी तथा छात्रों और श्रमिकों को रोजाना लंबी दूरी तय करने में राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में मेट्रो केवल पांच शहरों तक सीमित थी, जबकि आज 25 से अधिक शहरों में मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं और भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन चुका है।
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश को श्रम और सृजन की भूमि बताते हुए कहा कि आधुनिक अवसंरचना, उद्योग निवेश, एमएसएमई प्रोत्साहन और किसान योजनाओं के माध्यम से राज्य तेजी से विनिर्माण केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित उत्तर प्रदेश ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *