असम में बड़ा खुलासा: हिंदुओं की जमीन अवैध तरीके से ट्रांसफर करवाने वाली अफसर नुपुर बोरा गिरफ्तार

Spread the love

गुवाहाटी। (प्र.स) असम में एक बड़ा भूमि घोटाला सामने आया है। असम सिविल सेवा (ACS) की अधिकारी नुपुर बोरा को गुरुवार को मुख्यमंत्री के विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी तैनाती के दौरान हिंदू समुदाय की जमीन संदिग्ध व्यक्तियों को अवैध तरीके से ट्रांसफर करवाई और इसके एवज में भारी-भरकम रिश्वत ली।

सूत्रों के अनुसार, बोरा असम कैडर की 2019 बैच की अधिकारी हैं और हाल ही में कामरूप जिले के गोराईमारी क्षेत्र में सर्किल ऑफिसर पद पर कार्यरत थीं। शिकायतों के बाद पिछले छह महीनों से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

गुरुवार को बोरा के घर और किराए के मकान पर छापेमारी की गई। इस दौरान लगभग 90 लाख रुपये नकद, करीब एक करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य संपत्ति बरामद की गई। जांच एजेंसियों का कहना है कि यह रकम और आभूषण उनकी घोषित आय से कहीं अधिक हैं।

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि, “राज्य सरकार किसी भी भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी। नुपुर बोरा पर लंबे समय से जमीन हस्तांतरण में धांधली की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में शुरुआती सबूत मिलने के बाद ही कार्रवाई की गई है।”

विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ के अधिकारियों के मुताबिक, नुपुर बोरा पर न सिर्फ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है बल्कि भूमि हस्तांतरण घोटाले में उनकी भूमिका को लेकर भी गहन जांच जारी है। इस घोटाले से जुड़े अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद असम की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। विपक्षी दलों ने सरकार से पारदर्शी जांच और प्रभावित जमीन मालिकों को न्याय दिलाने की मांग की है।

One thought on “असम में बड़ा खुलासा: हिंदुओं की जमीन अवैध तरीके से ट्रांसफर करवाने वाली अफसर नुपुर बोरा गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *