कोटा। कोटा के दादाबाड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कांग्रेस की पूर्व पार्षद रेणु नरवाला की मौत हो गई। वह अपने पति धनराज नरवाला के साथ स्कूटर से खड़े गणेश मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं। हादसे में धनराज भी घायल हुए हैं।
हादसा जवाहर नगर इलाके में सुबह करीब 9:10 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार सड़क किनारे एक ई-रिक्शा खड़ा था और उसके पास से एक महिला राहगीर गुजर रही थी। महिला को बचाने के प्रयास में स्कूटर अनियंत्रित होकर गिर गया। स्कूटर पर पीछे बैठी रेणु सड़क पर जा गिरीं और इसी दौरान पास से गुजर रहा नगर निगम का डंपर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने डंपर जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
घायल धनराज नरवाला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके हाथ में फ्रैक्चर और मुंह पर चोट बताई गई है। वहीं रेणु नरवाला के शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई।
2020 में कांग्रेस के टिकट पर बनी थीं पार्षद
रेणु नरवाला वर्ष 2020 में कोटा नगर निगम उत्तर के वार्ड 67 से कांग्रेस की पार्षद निर्वाचित हुई थीं। उनके ससुर शंकर नरवाला भी कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद रहे हैं।
हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने डंपर चालक की कथित लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई और जवाबदेही की मांग की। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
