72 घंटे के पानी के इंतजार में शहर, 270 करोड़ की योजना पर कांग्रेस का प्रहार; जयपाल बोले—जनता को पत्थर नहीं, नलों में पानी चाहिए
अजमेर। अजमेर में विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच पेयजल संकट ने एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। शहर के कई इलाकों में 72 घंटे के अंतराल से पानी मिलने की समस्या को लेकर कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष एवं अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी पर सीधा हमला बोला है।
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि करोड़ों रुपये की योजनाओं के शिलान्यास और अखबारों की सुर्खियों से जनता की प्यास नहीं बुझ सकती। जनता अब घोषणा नहीं, अपने घर के नल में पर्याप्त पानी चाहती है।
जयपाल ने करीब 270 करोड़ रुपये की पेयजल योजना को लेकर भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के अनुसार नसीराबाद से नौसर घाटी होते हुए कोटड़ा तक लगभग 48.7 किलोमीटर पाइपलाइन और तीन स्टोरेज टैंक बनाए जाने हैं तथा इससे अजमेर को करीब 70 एमएलडी अतिरिक्त पानी मिलने का दावा किया गया है।
लेकिन कांग्रेस का सवाल है कि योजना का शिलान्यास होने के बाद इसकी जमीनी प्रगति कितनी हुई और जनता को इसका लाभ कब मिलेगा?
यह भी देखें :
“शिलान्यास का पत्थर नहीं, नल की धार चाहिए”
डॉ. जयपाल का कहना है कि अजमेर की जनता अब शिलान्यास समारोहों और विकास के दावों से आगे बढ़ चुकी है। उसे यह जानना है कि जिस योजना का शिलान्यास किया गया, उसका काम वास्तव में कब शुरू हुआ, कितनी प्रगति हुई और पानी कब मिलेगा?
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि शिलान्यास के समय संबंधित कंपनी को केवल लेटर ऑफ इंटेंट जारी हुआ था और विधिवत कार्यादेश को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। ऐसे में कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि यदि कार्यादेश ही स्पष्ट नहीं था तो शिलान्यास की इतनी जल्दबाजी क्यों?
यानी सवाल अब पत्थर पर लिखे नाम का नहीं, उस पत्थर के पीछे हुए काम का है।
