अंतरिक्ष में भारत का परचम: सबसे भारी उपग्रह लॉन्च कर ग्लोबल मार्केट में भारत की बढ़ाई साख

Spread the love

भारत की अंतरिक्ष शक्ति को नई उड़ान

नई दिल्ली । पीआईबी
भारतीय अंतरिक्ष इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने एलवीएम3-एम6 रॉकेट के माध्यम से भारतीय धरती से अब तक के सबसे भारी उपग्रह तथा अमेरिका के अंतरिक्ष यान ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 के सफल प्रक्षेपण पर देश के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को हार्दिक बधाई दी है। यह उपलब्धि न केवल भारत की तकनीकी क्षमता का प्रमाण है, बल्कि वैश्विक अंतरिक्ष मंच पर देश की बढ़ती साख को भी रेखांकित करती है।
प्रधानमंत्री ने इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा का गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि एलवीएम3 द्वारा भारी पेलोड को सफलतापूर्वक कक्षा में स्थापित करना, गगनयान जैसे भावी मानव अंतरिक्ष मिशनों की नींव को और मजबूत करता है। यह सफलता भारत की विश्वसनीय प्रक्षेपण क्षमता को दर्शाने के साथ-साथ वाणिज्यिक लॉन्च सेवाओं के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को भी नई मजबूती प्रदान करती है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि यह उपलब्धि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का जीवंत उदाहरण है। भारी उपग्रहों के प्रक्षेपण में भारत की सशक्त होती भूमिका, ग्लोबल कमर्शियल लॉन्च मार्केट में देश को एक भरोसेमंद शक्ति के रूप में स्थापित कर रही है।
इस ऐतिहासिक मिशन की सफलता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान आज आत्मविश्वास, नवाचार और विश्वसनीयता के नए मानक गढ़ रहा है। परिश्रमी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की बदौलत भारत अंतरिक्ष की दुनिया में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *