पुष्कर में भी भक्त साईं बाबा के दर्शन कर सकेंगे मंदिर का हुआ लोकार्पण

Spread the love

पुष्कर | डिजिटल डेस्क।
राजस्थान की पवित्र तीर्थ नगरी पुष्कर के खरेखड़ी मार्ग पर नवनिर्मित साईं बाबा मंदिर (साईं धाम) का रविवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल ने साईं धाम पहुंचकर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के साथ बैठकर साईं बाबा के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास से आस्था को मजबूती मिलती है और पर्यटन को बढ़ावा मिलता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होती है।

राज्यपाल ने बताया कि साईं धाम एक सुव्यवस्थित एवं हरियाली से घिरा धार्मिक परिसर है, जहां कुल 63 देवी-देवताओं के मंदिर स्थापित किए गए हैं। इनमें साईं बाबा मंदिर के साथ शनिदेव, हनुमान, शिव, गणेश, राधा-कृष्ण सहित अन्य प्रमुख देवस्थल शामिल हैं। उन्होंने इसे श्रद्धालुओं के लिए एक ऐसा आध्यात्मिक केंद्र बताया, जहां एक ही स्थान पर भक्त अनेक देवी,देवताओं के दर्शन कर सकेंगे ।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने मंदिर परिसर में विकसित की गई सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुष्कर जैसे धार्मिक स्थलों में मूलभूत सुविधाओं का विकास आवश्यक है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभूति मिल सके और राजस्थान धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके।

साईं धाम ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि इस धार्मिक परियोजना की शुरुआत लगभग तीन वर्ष पूर्व की गई थी। अब पूर्ण रूप से विकसित यह धाम श्रद्धालुओं के लिए श्रद्धा, शांति और साधना का प्रमुख केंद्र बन रहा है। लोकार्पण समारोह में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *