अजमेर: देवली (केकड़ी)(कृष्ण गोपाल शर्मा)।
अंबेडकर विचार मंच देवली ने केकड़ी थाने के निलंबित एएसआई राजेश मीणा के निलंबन को अनुचित बताते हुए पुलिस महानिदेशक एवं मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन देवली उपखंड अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में राजेश मीणा को न्याय दिलाने तथा ससम्मान बहाल करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के एएसआई राजेश मीणा कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। केकड़ी थानााधिकारी के निर्देश पर उन्होंने सावर कस्बे के समीप देवपुरा क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खनन में लिप्त वाहनों को जब्त किया। आरोप है कि इसी दौरान स्थानीय विधायक शत्रुघ्न गौत्तम ने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने समर्थकों से एएसआई राजेश मीणा पर जानलेवा हमला करवाया, जिसमें वे घायल हो गए।
इसके पश्चात, कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक राजेश मीणा को निलंबित कर दिया गया। इस घटनाक्रम की अंबेडकर विचार मंच एवं समस्त अनुसूचित जनजाति समाज ने कड़ी निंदा की है। संगठन ने मांग की है कि विधायक शत्रुघ्न गौत्तम एवं हमलावरों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट, जानलेवा हमले सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाए तथा राजेश मीणा को तत्काल ससम्मान बहाल किया जाए।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो समाज एवं सामाजिक संगठनों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में रामसिंह, सुरेंद्र बैरवा, दिलखुश टाटावत, ललित चौहान, मुकेश, मोहनलाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।
