ED की बड़ी कार्रवाई में क्रिकेटर-अभिनेता बेनकाब इनकी संपत्ति हुई जप्त

Spread the love

नई दिल्ली। (एजेंसी)
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दिया है कि शोहरत और स्टारडम कानून से ऊपर नहीं है। ईडी ने विदेशी सट्टेबाजी ऐप 1xBet से जुड़े मामले में कुल 7.93 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति को जप्त किया है। यह संपत्ति पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, अभिनेता सोनू सूद, अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती, अभिनेता अंकुश हजरा और अभिनेत्री नेहा शर्मा से जुड़ी बताई गई है।
ईडी के अनुसार, यह विदेशी सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म भारत में बिना किसी कानूनी अनुमति के संचालित हो रहा था। जांच में सामने आया कि आम लोगों को धोखे में रखने के लिए नाम बदलकर और मिलते-जुलते ब्रांड नामों के जरिए सट्टेबाजी का प्रचार किया गया। सोशल मीडिया, ऑनलाइन वीडियो और अखबारों में विज्ञापनों के जरिए देश के युवाओं को सीधे निशाना बनाया गया।
जांच एजेंसी ने बताया कि इन चर्चित खिलाड़ियों और फिल्मी कलाकारों ने मोटी रकम के बदले इस सट्टेबाजी मंच का प्रचार किया। भुगतान विदेशी कंपनियों और बिचौलियों के माध्यम से किया गया, ताकि यह छिपाया जा सके कि पैसा अवैध सट्टेबाजी से कमाया गया है। ईडी ने इसे काले धन को सफेद करने की सोची-समझी साजिश बताया है।
एजेंसियों का कहना है कि यह मामला सिर्फ कानून उल्लंघन का नहीं, बल्कि देश के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। आसान कमाई का लालच दिखाकर युवाओं को जुए और सट्टे की लत में धकेला जा रहा है। ईडी ने स्पष्ट कहा है कि सेलिब्रिटी द्वारा किया गया यह प्रचार देश की युवा शक्ति के लिए ज़हर जैसा है, जो उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से तबाह कर रहा है।
इससे पहले, 6 अक्टूबर 2025 को ईडी ने इसी मामले में क्रिकेटर शिखर धवन और सुरेश रैना की 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह साफ हो गया है कि जांच एजेंसियां अवैध सट्टेबाजी के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के मूड में हैं।
ईडी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह के सट्टेबाजी ऐप या वेबसाइट से दूर रहें और ऐसे विज्ञापनों या संदिग्ध लेनदेन की जानकारी तुरंत जांच एजेंसियों को दें। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अवैध सट्टेबाजी या जुए का प्रचार करना गंभीर अपराध है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *