कांग्रेस नेता शैलेश गुप्ता ने स्मार्ट सिटी, नगर निगम व एडीए अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
अजमेर।
अजमेर कांग्रेस नेता एवं मानव अधिकार परिषद के प्रदेश अध्यक्ष ने शहर के हरिभाऊ उपाध्याय पार्क की दुर्दशा को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री एवं स्वतंत्रता सेनानी हरिभाऊ उपाध्याय जी के नाम पर बने इस पार्क पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद इसकी स्थिति बदहाल बनी हुई है।
गुप्ता ने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी, नगर निगम और अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की लापरवाही के चलते यह पार्क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्क में ओपन जिम, बच्चों के झूले, छायादार पेड़, बैठने के लिए बेंच और सिंचाई की समुचित व्यवस्था होने के बावजूद रखरखाव के अभाव में सब कुछ बेकार साबित हो रहा है।
वीडियो देखें:
उन्होंने कहा कि पार्क के मुख्य द्वारों पर ताले लगे हुए हैं, अंदर झाड़ियां और कांटे उग आए हैं, जिससे आमजन के लिए प्रवेश और उपयोग लगभग असंभव हो गया है। यह स्थिति आसपास रहने वाले सैकड़ों बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं के लिए निराशाजनक है, जो इस पार्क में टहलने और स्वास्थ्य लाभ लेने से वंचित हैं।
शैलेश गुप्ता ने प्रशासन से मांग की है कि पार्क की तत्काल सुध लेकर इसकी साफ-सफाई और मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि आमजन को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने इस संबंध में जिला कलेक्टर को शिकायत भेजने के साथ ही मुख्यमंत्री संपर्क पोर्टल पर भी मामला दर्ज कराया है।
यह भी पढ़ें: जागरूक बने और वीडियो बनाकर हमें भेजें ।
