नेपाल।पशुपतिनाथ मन्दिर। (नेपाली: पशुपतिनाथ मन्दिर) नेपाल की राजधानी काठमांडू से तीन किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में बागमती नदी के किनारे देवपाटन गांव में स्थित एक हिंदू मंदिर है। नेपाल के एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र बनने से पहले यह मंदिर राष्ट्रीय देवता, भगवान पशुपतिनाथ का मुख्य निवास माना जाता था। यह मंदिर यूनेस्को विश्व सांस्कृतिक विरासत स्थल की सूची में सूचीबद्ध है। पशुपतिनाथ में आस्था रखने वालों (मुख्य रूप से हिंदुओं) को मंदिर परिसर में प्रवेश करने की अनुमति है। गैर हिंदू आगंतुकों को इसे बाहर से बागमती नदी के दूसरे किनारे से देखने की अनुमति है। यह मंदिर नेपाल में शिव का सबसे पवित्र मंदिर माना जाता है। 15 वीं शताब्दी के राजा प्रताप मल्ल से शुरु हुई परंपरा है कि मंदिर में चार मेंपुजारी (भट्ट) और एक मुख्य पुजारी (मूल-भट्ट) दक्षिण भारत के ब्राह्मणों में से रखे जाते हैं। पशुपतिनाथ में शिवरात्रि का पर्व विशेष महत्व के साथ मनाया जाता है। यूनिस्को ने इसे सन 1979 मैं शामिल किया था और यह मंदिर पगोंडा शैली में बना है
किंवदंतियों के अनुसार इस मंदिर का निर्माण सोमदेव राजवंश के पशुप्रेक्ष ने तीसरी सदी ईसा पूर्व में कराया था किंतु उपलब्ध ऐतिहासिक दस्तावेज़ 13वीं शताब्दी के ही हैं। इस मंदिर की कई नकलों का भी निर्माण हुआ है जिनमें भक्तपुर (1480), ललितपुर (1566) और बनारस (19वीं शताब्दी के प्रारंभ में) शामिल हैं। मूल मंदिर कई बार नष्ट हुआ। इसे वर्तमान स्वरूप नरेश भूपतेंद्र मल्ल ने 1697 में प्रदान किया।
मुख्य मंदिर का गर्भगृह दो मंजिला है, जिसकी छत सोने की परतों से ढकी हुई है, इसके भीतर भगवान शिव का चार मुख वाला (पंचमुखी) शिवलिंग स्थापित है।
नेपाल महात्म्य और हिमवतखंड पर आधारित स्थानीय किंवदंती के अनुसार भगवान शिव एक बार वाराणसी के अन्य देवताओं को छोड़कर बागमती नदी के किनारे स्थित मृगस्थली चले गए, जो बागमती नदी के दूसरे किनारे पर जंगल में है। भगवान शिव वहां पर चिंकारे का रूप धारण कर निद्रा में चले गए। जब देवताओं ने उन्हें खोजा और उन्हें वाराणसी वापस लाने का प्रयास किया तो उन्होंने नदी के दूसरे किनारे पर छलांग लगा दी। इस दौरान उनका सींग चार टुकडों में टूट गया। इसके बाद भगवान पशुपति चतुर्मुख लिंग के रूप में प्रकट हुए।
भारत के उत्तराखण्ड राज्य में स्थित प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर की किंवदंती के अनुसार पाण्डवों को स्वर्गप्रयाण के समय भैंसे के स्वरूप में शिव के दर्शन हुए थे जो बाद में धरती में समा गए लेकिन भीम ने उनकी पूँछ पकड़ ली थी। ऐसे में उस स्थान पर स्थापित उनका स्वरूप केदारनाथ कहलाया, तथा जहाँ पर धरती से बाहर उनका मुख प्रकट हुआ, वह पशुपतिनाथ कहलाया [पशुपतिनाथ महादेव मंदिर दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण हिंदू मंदिरों में से एक है, पौराणिक कथाओं के अनुसार, केदारनाथ (भारत) की यात्रा करने के बाद पशुपतिनाथ के दर्शन करना अनिवार्य माना जाता हैं]।
अनूठी परंपरा:- यहाँ हमेशा भारत के कर्नाटक राज्य के दक्षिण भारतीय (लिंगायत) वैदिक ब्राह्मण पुजारी ही पूजा-अर्चना करते हैं एवं मुख्य मंदिर के गर्भगृह के अंदर केवल हिंदुओं को ही जाने की अनुमति है, हालांकि परिसर के बाहर से सभी लोग भ्रमण कर सकते हैं। नेपालियों और भारतीयों के लिए मंदिर परिसर में प्रवेश निःशुल्क है (काठमांडू पहुंचने पर पहचान के लिए अपना आधार कार्ड या वोटर आईडी साथ रखें) विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 1000 नेपाली रुपये है।
कैसे जाएं:- त्रिभुवन अन्तर्राष्ट्रीय विमानक्षेत्र नेपाल का एकमात्र अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा है, जहाँ से मंदिर केवल 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। यहाँ के लिए दिल्ली और बैंकॉक के रास्ते आसानी से पहुंचा जा सकता है एवं सड़क मार्ग से आने वाले यात्री भारत-नेपाल सीमा (जैसे उत्तर प्रदेश का सोनौली बॉर्डर या बिहार का रक्सौल बॉर्डर) से बस या टैक्सी द्वारा आसानी से काठमांडू पहुँच सकते है।
नोट: अन्य प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर:नेपाल के अलावा, भारत के मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में शिवना नदी के तट पर भी एक भव्य और ऐतिहासिक पशुपतिनाथ मंदिर स्थित है, जो अपनी आकर्षक अष्टमुखी (आठ मुख वाली) शिव प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है।
