भोपाल में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी का घर बना चोरों का निशाना, कोलार के दानिश कुंज-2 में वारदात से महकमे में मचा हड़कंप
भोपाल। राजधानी भोपाल में बेखौफ चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के आवास को ही निशाना बना डाला। कोलार थाना क्षेत्र के दानिश कुंज-2 स्थित ट्रैफिक ACP विजय दुबे के मकान में अज्ञात बदमाशों ने सेंध लगाकर नकदी और जेवरात समेत लाखों रुपये का माल पार कर दिया।बताया जा रहा है कि घटना के दौरान ACP विजय दुबे VIP ड्यूटी में तैनात थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनके मकान को निशाना बनाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर घर से करीब 6 लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हुए हैं। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा।वारदात का पता चलने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले में प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।पुलिस ने बदमाशों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। इसके अलावा घटना के समय क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और आने-जाने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजधानी में जब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी का आवास ही चोरों से सुरक्षित नहीं रह सका, तो आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या स्थिति होगी। हालांकि, फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी पर है। जांच आगे बढ़ने के साथ चोरी की वारदात से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
