रीवा में पंचायत उपचुनाव का बिगुल: 29 सितंबर को मतदान, 1 जनपद सदस्य समेत 43 पदों पर होगा चुनाव

Spread the love

15 सितंबर तक नामांकन, 16 को जांच और 18 सितंबर को नाम वापसी; जिले के 6 जनपद क्षेत्रों में पंच पदों के लिए भी होगा मतदान

रीवा। पंचायत उपचुनाव-2026 को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। रीवा जिले में 1 जनपद सदस्य, 4 सरपंच और 38 पंच पदों के रिक्त पदों पर उपचुनाव कराया जाएगा। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कराने तथा आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

15 सितंबर तक दाखिल होंगे नामांकन

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 15 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 16 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से होगी। अभ्यर्थी 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे।नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद इसी दिन चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी और उन्हें निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।

29 सितंबर को मतदान

आवश्यकता होने पर 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। सरपंच एवं जनपद सदस्य पद के लिए ईवीएम, जबकि पंच पद के लिए मतपत्र एवं मतपेटी का उपयोग किया जाएगा।पंच पद के लिए मतदान समाप्त होते ही उसी दिन संबंधित मतदान केंद्रों पर मतगणना शुरू कर दी जाएगी। वहीं सरपंच एवं जनपद सदस्य पदों के लिए ईवीएम में दर्ज मतों की गणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालयों पर होगी।सरपंच एवं जनपद सदस्य पदों के परिणाम 3 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से घोषित किए जाएंगे। पंच पदों का अंतिम सारणीकरण एवं परिणाम घोषणा 5 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से होगी।

रायपुर कर्चुलियान में जनपद सदस्य का चुनाव

जिले में जनपद सदस्य का एक रिक्त पद जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान के वार्ड क्रमांक 15 में है।सरपंच के चार रिक्त पदों के लिए लोहदवार, टिकुरी नंबर 37, अतरैला-12 और हिनौता ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। इनमें क्रमशः रायपुर कर्चुलियान, गंगेव, त्योंथर और सिरमौर जनपद पंचायत क्षेत्र शामिल हैं।

38 पंच पदों पर भी होगा उपचुनाव

पंच पदों के लिए जनपद पंचायत रीवा, रायपुर कर्चुलियान, गंगेव, त्योंथर, जवा और सिरमौर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मतदान होगा।रीवा जनपद की गोरगी, तमरा और सहिजना नंबर दो, रायपुर कर्चुलियान की हरदुआ, हर्दी नंबर दो, रायपुर कर्चुलियान, कांटी, सेमरीकला, पुरवा और बुड़वा, गंगेव की चौरी, बेलवा पैकान, जोड़ौरी और खरहरी पंचायतों में पंच पदों के लिए मतदान होगा।इसी तरह त्योंथर जनपद की चुनरी, कांकर, फरहदी, अमिलिया, डाढ़ाकला, पनासी, बरेठीकला, सरूई, चौखड़ा और फुलदेउर, जवा जनपद की कोनी कला, कल्याणपुर, बौसड़, दोंदर और लूक, जबकि सिरमौर जनपद की भेलौड़ी, देवगांव कला, मझिगवां सेमरिया, जामू, शाहपुर और माड़ौ ग्राम पंचायतों में पंच पदों के लिए उपचुनाव कराया जाएगा।पंचायत उपचुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अब 15 सितंबर तक नामांकन और उसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ चुनावी मैदान में उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *