दो चरणों में होंगे नगर निकाय चुनाव, तारीखों के ऐलान के साथ आचार संहिता लागू
जयपुर। राजस्थान के शहरी निकायों में चुनाव का इंतजार अब खत्म हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को नगर निकाय चुनाव 2026 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी। चुनाव कार्यक्रम सामने आते ही प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और संबंधित निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि प्रदेश में नगर निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर 2026 को मतदान होगा। मतगणना और चुनाव परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।
9 और 11 सितंबर को जनता करेगी प्रत्याशियों का फैसला
चुनाव की तारीख घोषित होते ही अब नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने वाली हैं। संभावित प्रत्याशियों ने जहां अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क की तैयारी शुरू कर दी है, वहीं राजनीतिक दल भी उम्मीदवारों के चयन और रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटेंगे।
इस चुनाव में सबसे बड़ा फैसला मतदाताओं के हाथ में होगा। वार्डों में आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दावेदारों की नजर टिकट और चुनावी मैदान पर टिक गई है।
तारीखों के साथ लगी आचार संहिता की लगाम
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कार्यक्रम जारी किए जाने के साथ ही संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। अब चुनावी क्षेत्रों में सरकार, प्रशासन और स्थानीय निकायों की नई घोषणाओं, नीतिगत फैसलों तथा विकास कार्यों से जुड़े मामलों पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश लागू होंगे।
आरक्षण और परिसीमन के बाद अब चुनावी रण
नगर निकाय चुनाव से पहले स्वायत्त शासन विभाग की ओर से आरक्षण और परिसीमन से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट राज्य निर्वाचन आयोग को सौंप दी गई थी। आयोग ने तकनीकी और कानूनी तैयारियों की समीक्षा के बाद चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया।
अब तारीखों की घोषणा के बाद चुनावी माहौल तेजी से गर्म होने की उम्मीद है। वार्डों में दावेदारों की सक्रियता बढ़ेगी और राजनीतिक दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती जिताऊ उम्मीदवारों के चयन की होगी।
14 सितंबर को खुलेगा चुनावी पिटारा
राजस्थान के शहरी निकायों में किसके सिर जीत का ताज सजेगा और किसकी राजनीतिक जमीन खिसकेगी, इसका फैसला 14 सितंबर को मतगणना के साथ होगा। फिलहाल चुनावी बिगुल बज चुका है और अब वार्डों से लेकर राजनीतिक दलों के कार्यालयों तक टिकट, समीकरण और जीत की रणनीति पर मंथन तेज होना तय है।
चुनावी कैलेंडर एक नजर में:
- पहला चरण: 9 सितंबर 2026
- दूसरा चरण: 11 सितंबर 2026
- मतगणना/परिणाम: 14 सितंबर 2026
- आदर्श आचार संहिता: चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ लागू
