20 में फर्जी आधार और ₹15 में वोटर आईडी! ऑनलाइन रैकेट का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस ने शुरू की जांच

Spread the love


नई दिल्ली। (डीडी न्यूज) पहचान संबंधी सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। एक ऑनलाइन रैकेट का खुलासा हुआ है, जिसमें मात्र ₹20 में आधार कार्ड और ₹15 में वोटर आईडी जैसे फर्जी दस्तावेज तैयार कर दिए जाते थे। मामले का खुलासा होने के बाद दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह गिरोह एक वेबसाइट और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए नकली सरकारी दस्तावेज तैयार कर ग्राहकों तक पहुंचा रहा था। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन दस्तावेजों में QR कोड, बारकोड और अन्य सुरक्षा फीचर भी मौजूद थे, जिससे पहली नजर में इन्हें असली दस्तावेजों से अलग पहचानना बेहद मुश्किल था।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने के लिए कौन-सी तकनीक और डेटा का इस्तेमाल किया तथा अब तक कितने लोगों को ऐसे दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इन दस्तावेजों का इस्तेमाल बैंकिंग धोखाधड़ी, सिम कार्ड लेने, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने या अन्य आपराधिक गतिविधियों में तो नहीं किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति फर्जी आधार, वोटर आईडी या अन्य सरकारी दस्तावेज बनवाता या उनका उपयोग करता है, तो यह गंभीर अपराध है और संबंधित कानूनों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत सरकारी पोर्टल और मान्यता प्राप्त सेवा केंद्रों के माध्यम से ही आधार, वोटर आईडी या अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज बनवाएं अथवा अपडेट कराएं। यदि किसी वेबसाइट या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बेहद कम कीमत में ऐसे दस्तावेज बनाने का दावा किया जाए, तो उसकी सूचना तुरंत साइबर अपराध पोर्टल या स्थानीय पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *