नई दिल्ली | (मीडिया) Breaking News
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया है। परीक्षा आयोजित करने वाली National Testing Agency (NTA) ने मंगलवार को यह बड़ा फैसला लिया। अब परीक्षा दोबारा करवाई जाएगी, जबकि मामले की जांच एजेंसियों को सौंप दी गई है।
जानकारी के अनुसार परीक्षा से पहले कथित “गेस पेपर” वायरल हुआ था, जिसके कई सवाल वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते बताए जा रहे हैं। इसके बाद राजस्थान समेत कई राज्यों से पेपर लीक और संगठित नकल की शिकायतें सामने आईं। मामला बढ़ने पर केंद्र सरकार ने रिपोर्ट तलब की और जांच शुरू करवाई।
NEET-UG देशभर के मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS और अन्य मेडिकल कोर्सों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। इस वर्ष परीक्षा में 22 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
कई विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने वर्षों तक कठिन मेहनत, महंगी कोचिंग और मानसिक दबाव के बीच तैयारी की थी, लेकिन पेपर लीक ने उनकी मेहनत पर सवाल खड़े कर दिए। सोशल मीडिया पर भी छात्र लगातार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-
विपक्षी दलों ने मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए शिक्षा व्यवस्था में “संगठित भ्रष्टाचार” का आरोप लगाया है। वहीं सरकार की ओर से कहा गया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और परीक्षा प्रणाली को और सुरक्षित बनाया जाएगा।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है। अब सभी की नजरें नई परीक्षा तिथि और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हैं।
