डी मार्ट में निजी खरीदारी को पहुंची नगर निगम अधिकारी, नायक संगठन ने पैदल भेजा

Spread the love

कोटा। नगर निगम की सहायक विधि अधिकारी द्वारा सरकारी वाहन के निजी उपयोग का मामला शनिवार को सामने आया, जहां नायक संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर कार्रवाई करते हुए वाहन को गेराज भिजवाया। घटना डी मार्ट परिसर की है, जहां सहायक विधि अधिकारी अरुंधति शर्मा सरकारी वाहन से निजी खरीदारी करने पहुंची थीं।

नायक संगठन द्वारा पूर्व में घोषित अभियान के तहत यह चेतावनी दी गई थी कि यदि कोई भी अधिकारी निजी कार्यों के लिए सरकारी वाहन का दुरुपयोग करते पाया गया, तो वाहन को तत्काल खड़ा करवा कर संबंधित कार्यालय या गेराज में भिजवाया जाएगा। इसी अभियान के तहत शनिवार को संगठन के कार्यकर्ता डी मार्ट पर एकत्रित हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कार्यकर्ताओं ने देखा कि नगर निगम की सहायक विधि अधिकारी सरकारी वाहन से निजी खरीदारी के लिए पहुंची हैं, उन्होंने आपत्ति जताई। संगठन के प्रतिनिधियों ने वाहन चालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि वाहन को तुरंत निगम के गेराज में वापस ले जाया जाए। कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद अधिकारी पैदल ही वहां से रवाना हो गईं।

नायक संगठन ने इस पूरे प्रकरण की जानकारी नगर निगम आयुक्त को भी दी। संगठन की ओर से मांग की गई कि भविष्य में स्पष्ट आदेश जारी किए जाएं, जिससे कोई भी अधिकारी या कर्मचारी निजी उपयोग के लिए सरकारी वाहनों का दुरुपयोग न कर सके। संगठन का कहना है कि सरकारी संसाधनों का उपयोग केवल शासकीय कार्यों के लिए होना चाहिए और इस तरह की लापरवाही से जनता में गलत संदेश जाता है।

इस मौके पर नायक संगठन के प्रतिनिधि शशांक शर्मा, उत्कर्ष गट्टानी, संदीप सिंह राजावत और अविरल शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संगठन ने स्पष्ट किया कि यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *