आज से शुरू होगा: अजमेर में रंगमंच का धमाल, 23 से 27 दिसंबर तक, ‘द्वितीय अजमेर थिएटर फेस्टिवल 2025’

Spread the love

अजमेर। ऐतिहासिक शहर अजमेर एक बार फिर कला, विचार और संवेदना के रंगों से सराबोर होने जा रहा है। अपना थिएटर संस्थान के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय अजमेर थिएटर फेस्टिवल 2025 का भव्य आयोजन 23 से 27 दिसंबर तक किया जाएगा। पांच दिवसीय इस नाट्य महोत्सव में प्रतिदिन शाम 6 बजे से राजीव गांधी सभागार, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परिसर (सेंट्रल जेल के सामने) में देश के नामचीन रंगकर्मी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव की शुरुआत 23 दिसंबर को विचार और संघर्ष की जीवंत प्रस्तुति ‘गांधी गाथा’ से होगी, जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन और दर्शन को मंच पर साकार करेगी।
24 दिसंबर को साहित्यिक गहराई से भरा ‘दोपहर’ नाट्य रूपांतरण दर्शकों को मानवीय संवेदनाओं से जोड़ेगा।
25 दिसंबर को लोककथा और प्रतीकात्मकता से सजा चर्चित नाटक ‘नाग मंडल’ मंचित होगा।
26 दिसंबर को सामाजिक यथार्थ और व्यंग्य से भरपूर ‘गोरधन के जूते’ दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगा।
वहीं 27 दिसंबर को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कलाकार सम्मान के साथ महोत्सव का समापन होगा।
इस थिएटर फेस्टिवल में भोपाल, जयपुर, चंडीगढ़ और अजमेर के रंगमंच समूह भाग ले रहे हैं, जिससे यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव का उद्देश्य रंगमंच को आमजन तक पहुंचाना, युवा कलाकारों को मंच देना और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है।
अपना थिएटर संस्थान ने शहरवासियों और कला प्रेमियों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक नाट्य उत्सव में शामिल होकर भारतीय रंगमंच की समृद्ध परंपरा के साक्षी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *