अजमेर अब फिर तैयार है उस अनोखी रूहानी फिज़ा के लिए, जब ख्वाजा गरीब नवाज़ की दरगाह से उठने वाली दुआएं पूरी दुनिया में अमन का पैगाम देंगी।
अजमेर, 8 नवम्बर।
रूहानियत और इंसानियत के प्रतीक सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती के 814वें उर्स की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। दिसंबर में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले के लिए अजमेर प्रशासन पूरी मुस्तैदी से मैदान में उतर चुका है। जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय बैठक लेकर सभी विभागों को सख्त निर्देश दिए ।
बैठक में दरगाह कमेटी, नगर निगम, अजमेर विकास प्राधिकरण, स्वास्थ्य, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, परिवहन, रेलवे, पुलिस, बीएसएनएल और डेयरी विभाग सहित सभी एजेंसियों को सौंपे गए दायित्वों की समयसीमा तय की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि “उर्स में आने वाले जायरीनों की सुरक्षा सर्वोपरि है। दरगाह क्षेत्र में लगे सभी CCTV कैमरे चालू हालत में रहें और उनका डेटा पुलिस व अभय कमांड सेंटर से लिंक हो।”
सुरक्षा और व्यवस्था पर सख्ती — “ढीले तार, अवैध गैस सिलिंडर और अतिक्रमण पर तुरंत कार्रवाई”
कलेक्टर लोक बंधु ने विद्युत और टेलीकॉम विभाग को निर्देश दिया कि दरगाह क्षेत्र में लटकते तार और खुले केबल व्यवस्थित किए जाएं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। वहीं, नगर निगम को आदेश दिया गया कि निराश्रित पशुओं को पकड़कर निर्धारित स्थलों पर रखा जाए और सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्देशों का पालन हो।
अतिक्रमणकारियों पर नोटिस जारी करने और अवैध गैस सिलिंडरों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी।
यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनें, अस्थाई डिस्पेंसरी
आगंतुक जायरीनों की सुविधा के लिए भारतीय रेल की ओर से स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। चिकित्सा विभाग ने मेला क्षेत्र में अस्थायी डिस्पेंसरी और मोबाइल मेडिकल यूनिट लगाने की घोषणा की है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूरे मेले के दौरान खानपान की वस्तुओं की जांच करेंगे। अमानक खाद्य पदार्थों को जब्त कर नियमानुसार करवाई की जाएगी।
“जायरीन की सुविधा हमारी प्राथमिकता है”—पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा
वंदिता राणा ने कहा, “सभी एजेंसियां तालमेल से काम करें। झंडे की रस्म में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश रोकें। किसी भी भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में चादर फैलाकर लाने की अनुमति नहीं होगी।” उन्होंने कहा कि जायरीन की सुविधा की सुविधा का ख्याल करते हुए हर निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार मीणा, उपखण्ड अधिकारी गरिमा नरूला, आईपीएस अजय सिंह, दरगाह नाजिम मोहम्मद बिलाल खान, दरगाह दीवान प्रतिनिधि सैय्यद नसरुद्दीन चिश्ती, अंजुमन अध्यक्ष सैय्यद अजीम मोहम्मद चिश्ती, उपाध्यक्ष सैय्यद करीमुद्दीन, और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
