पुष्कर मेला 2025 का भव्य शुभारंभ: ध्वजारोहण के साथ बिखरी संस्कृति की छटा

Spread the love

अजमेर, 30 अक्टूबर। विश्व प्रसिद्ध श्री पुष्कर मेला 2025 का गुरुवार को पारंपरिक ध्वजारोहण के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने मेला मैदान में ध्वजारोहण कर मेले की शुरुआत की। इस अवसर पर अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, लोकबंधु (जिला कलक्टर) और एसपी वंदिता राणा सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पुष्कर मेला राजस्थान की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यटन विरासत का प्रतीक है। राज्य सरकार ने मेले का बजट 70 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दिया है तथा पुष्कर कॉरिडोर की डीपीआर तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि सरकार “पुष्कर फॉरएवर” संकल्प के साथ इसे वैश्विक तीर्थ पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में 101 नगाड़ों की गूंज ने वातावरण को रोमांचित कर दिया। परंपरागत वेशभूषा में सजी 150 बालिकाओं ने लोकगीत व नृत्य प्रस्तुत कर समा बाँध दिया। उपमुख्यमंत्री ने मंच से उतरकर बालिकाओं के साथ घूमर नृत्य भी किया।

इस अवसर पर सांस्कृतिक यात्रा, लोकनृत्य, पतंग प्रदर्शन, अलगोजा वादन, और देशी-विदेशी टीमों के बीच फुटबॉल मैच का आयोजन हुआ। प्रशासन ने मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए विशेष कैम्प स्थापित किए हैं ताकि हर आगंतुक सुरक्षित और आनंदमय अनुभव प्राप्त कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *