रबात/नई दिल्ली, 22 सितंबर। (प्र.स.) भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए साफ कहा है कि भारत की ओर से किसी भी आतंकी कार्रवाई का जवाब निर्णायक और करारा होगा। मोरक्को में भारतीय समुदाय से बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर केवल ट्रेलर था, भाग 2 या 3 पाकिस्तान के आचरण पर निर्भर करेगा।”
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिक मारे गए थे। राजनाथ सिंह ने बताया कि इस घटना के तुरंत बाद उन्होंने तीनों सेनाओं के प्रमुखों और रक्षा सचिव के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा – “मेरा पहला सवाल यही था कि अगर सरकार मंजूरी दे तो क्या सेनाएं तैयार हैं? सेना प्रमुखों ने तुरंत कहा कि वे पूरी तरह तैयार हैं। फिर प्रधानमंत्री मोदी से चर्चा हुई, उन्होंने हमें पूरी छूट दी और फिर आपने देखा कि क्या हुआ।”
7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने आतंकियों और उनके ठिकानों को निशाना बनाया। राजनाथ सिंह ने कहा कि इस कार्रवाई में किसी भी नागरिक या सैन्य प्रतिष्ठान को नुकसान नहीं पहुँचाया गया।
उन्होंने कहा – “आतंकवादी निर्दोष लोगों को धर्म पूछकर मारते हैं, लेकिन भारत ने किसी का धर्म नहीं देखा, केवल उनके कर्म देखे। हमने केवल उन पर निशाना साधा जो इस हमले के ज़िम्मेदार थे।”
रक्षा मंत्री ने भारत की धर्मनिरपेक्षता पर प्रकाश डालते हुए कहा –
“भारत में हर किसी को अपने धर्म का पालन करने की पूरी स्वतंत्रता है। हम किसी भी धर्म या समुदाय के आधार पर भेदभाव नहीं करते। यही भारत की असली ताकत है।”
राजनाथ सिंह ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में किसी भी आतंकी गतिविधि का अंजाम पाकिस्तान को भुगतना होगा। उन्होंने कहा –
“भाग 2 या भाग 3 होगा या नहीं, यह पाकिस्तान के आचरण पर निर्भर करता है। अगर वे आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त रहते हैं तो उन्हें जवाब मिलेगा। प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर केवल रोका गया है, इसे किसी भी समय फिर से शुरू किया जा सकता है।”
गौरतलब है कि राजनाथ सिंह इन दिनों मोरक्को की यात्रा पर हैं। यह किसी भारतीय रक्षा मंत्री की इस उत्तरी अफ्रीकी देश की पहली आधिकारिक यात्रा है। यहां उन्होंने भारतीय समुदाय से मुलाकात की और भारत की सुरक्षा नीति, आतंकवाद के खिलाफ भारत की रणनीति और विदेश नीति के पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
👉 खबर वन न्यूज की नज़र में, रक्षा मंत्री का यह बयान पाकिस्तान के लिए सीधा संदेश है कि अब भारत की नीति साफ है – “शांति चाहते हैं तो आतंकवाद रोकें, वरना जवाब तय है ।
“खबर वन न्यूज” की ओर से देश की समस्त सुरक्षा एजेंसियों ,शासन, प्रशासन सहित देश की जनता को “नवरात्रा स्थापना पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं “
आज की ” ईश्वरीय वाणी” जरूर सुनें:-

One thought on “ऑपरेशन सिंदूर ट्रेलर था, आगे पाकिस्तान के आचरण पर निर्भर : राजनाथ सिंह”