🇮🇳 भारत-अमेरिका संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘वज्र प्रहार-16’ शुरू
नई दिल्ली । (एजेंसी) भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग को नई मजबूती देने वाले संयुक्त विशेष बल सैन्य अभ्यास ‘वज्र प्रहार’ के 16वें संस्करण के लिए अमेरिकी सेना का दल भारत पहुंच गया है। यह महत्वपूर्ण सैन्य अभ्यास 24 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक स्थित विशेष बल प्रशिक्षण विद्यालय में आयोजित किया जाएगा।
भारतीय सेना की ओर से इस अभ्यास में विशेष बलों की इकाइयों का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल 45 जवान भाग ले रहे हैं, जबकि अमेरिकी सेना के प्रतिष्ठित विशेष बल ग्रीन बेरेट्स के 12 सैनिक इसमें शामिल होंगे।
इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच परिचालन समन्वय बढ़ाना, संयुक्त विशेष अभियान रणनीतियों का आदान-प्रदान करना तथा आधुनिक युद्ध परिस्थितियों में सहयोगात्मक क्षमता को मजबूत करना है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में आतंकवाद-रोधी एवं विशेष अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर फोकस किया जाएगा।
अभ्यास के दौरान सैनिक उच्च स्तरीय शारीरिक अनुकूलन प्रशिक्षण, संयुक्त मिशन योजना, सामरिक संचालन अभ्यास और विशेष अभियानों से जुड़ी तकनीकों, युक्तियों एवं प्रक्रियाओं का साझा प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। दोनों देशों के जवान वास्तविक युद्ध परिस्थितियों जैसे परिदृश्यों में संयुक्त अभ्यास कर अपने परिचालन अनुभव भी साझा करेंगे।
गौरतलब है कि ‘वज्र प्रहार’ का पिछला संस्करण नवंबर 2024 में अमेरिका के इडाहो राज्य स्थित ऑर्चर्ड कॉम्बैट ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित किया गया था।
विशेषज्ञों के अनुसार यह सैन्य अभ्यास भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को और सशक्त बनाने के साथ-साथ दोनों देशों के विशेष बलों के बीच विश्वास, पेशेवर तालमेल और सामरिक सहयोग को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
#
