जयपुर, 26 अक्टूबर 2025 | संवाददाता रिपोर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र ने राजस्थान के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों के लिए 26 से 29 अक्टूबर तक गरज-चमक (Thunderstorm/Lightning) के साथ मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब गहरे अवदाब (Deep Depression) में बदल गया है, जो अगले 24 घंटों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके 28 अक्टूबर तक ओडिशा तट तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
विभाग के अनुसार, अरब सागर के मध्य-पूर्वी क्षेत्र में भी एक और अवदाब सक्रिय है, जो 26 अक्टूबर से पश्चिमी दिशा में सक्रिय होकर उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इस सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान के दक्षिण और पूर्वी जिलों में अगले चार दिनों तक मौसम बिगड़ सकता है।
भारी बारिश की संभावना वाले जिले
मौसम केंद्र ने बताया कि 26 अक्टूबर को उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
वहीं, 27 और 28 अक्टूबर को उदयपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है।
विशेष रूप से उदयपुर संभाग के आस-पास के क्षेत्रों में 27 अक्टूबर को कहीं-कहीं अति भारी वर्षा और 28 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
बिजली गिरने और तेज हवाओं से सतर्क रहें
विभाग ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि 27 से 28 अक्टूबर के बीच कई इलाकों में Thunderstorm और Lightning के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
इस दौरान खेतों, खुले इलाकों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
हल्की बारिश का दौर 30 अक्टूबर तक
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि दक्षिण राजस्थान के कुछ हिस्सों में 29 से 30 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग की अपील: जनता और किसानों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग के अपडेट्स पर नज़र रखें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
