पटना, 18 अक्टूबर , बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एनडीए गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की उम्मीदवार सीमा सिंह का मढ़ौरा (छपरा) सीट से नामांकन रद्द कर दिया गया है। निर्वाचन अधिकारी ने उनके कागज़ात में खामियां बताते हुए पर्चा खारिज कर दिया।
चिराग पासवान की पार्टी (लोजपा)ने सीमा सिंह को मढ़ौरा से टिकट देकर एनडीए के प्रचार अभियान में एक बड़ा चेहरा उतारा था। लेकिन अब नामांकन रद्द होने से यह सीट एनडीए के खाते से बाहर मानी जा रही है।
नामांकन रद्द होने की वजह
सूत्रों के मुताबिक, सीमा सिंह के नामांकन पत्र की जांच (स्क्रूटनी) के दौरान दस्तावेज़ों में कई खामियाँ पाई गईं। बताया गया है कि कुछ आवश्यक दस्तावेज अधूरे थे, वहीं कुछ प्रमाणपत्रों में विसंगतियाँ मिलीं। निर्वाचन अधिकारी ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए उनका नामांकन खारिज कर दिया।
सीमा सिंह की शैक्षणिक योग्यता नौवीं कक्षा तक दर्ज है, लेकिन चुनाव आयोग को सौंपे गए दस्तावेज़ों में असंगत जानकारी होने की बात सामने आई है।
सीमा सिंह की भोजपुरी सिनेमा में लोकप्रियता और सोशल मीडिया पर सक्रियता से उम्मीद थी कि वे इस सीट पर एनडीए को और मजबूती देंगी।
अब उनके नामांकन रद्द होने से एनडीए की चुनावी रणनीति को झटका लगा है। यह सीट महागठबंधन या अन्य विपक्षी दलों के लिए अब अधिक खुली मानी जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सिर्फ एक नामांकन रद्द होने की घटना नहीं, बल्कि एनडीए की चुनावी तैयारी पर सवाल खड़ा करती है। चुनाव के ऐन मौके पर ऐसे तकनीकी लापरवाही से विपक्ष को प्रचार का नया मुद्दा मिल गया है।
चिराग पासवान ने इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि सीमा सिंह के नामांकन रद्द होने पर कानूनी राय ली जा रही है।
स्थानीय स्तर पर अब यह सीट महागठबंधन बनाम स्वतंत्र या छोटे दलों के बीच दिलचस्प मुकाबले का केंद्र बन सकती है।
प्रतिदिन सुनें : “ईश्वरीय वाणी” आज
