अब मरीजों को जेएलएन अस्पताल रेफर करने की मजबूरी नहीं, स्थानीय स्तर पर ही मिलेंगी उन्नत सर्जरी सुविधाएं
अजमेर। अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने गुरुवार को सेटेलाइट हॉस्पिटल, आदर्श नगर में 35 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई अत्याधुनिक एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन जर्मन मशीन का लोकार्पण किया। यह राशि विधायक कोष से स्वीकृत की गई थी और अब अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाएगी।
विधायक भदेल ने बताया कि अस्पताल के निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने इस मशीन की आवश्यकता जताई थी। उनका कहना था कि इसके अभाव में गंभीर मरीजों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर करना पड़ता था, जिससे कई बार उनकी स्थिति और गंभीर हो जाती थी। तत्काल निर्णय लेते हुए 35 लाख रुपये विधायक कोष से स्वीकृत कर मशीन क्रय की गई।
भदेल ने कहा कि यह मशीन जटिल और लंबे ऑपरेशन के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके जरिए मरीज को बार-बार एनेस्थीसिया देने की आवश्यकता नहीं पड़ती। मशीन मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए स्वतः एनेस्थीसिया की आपूर्ति करती है और ब्लड प्रेशर, ऑक्सीमीटर सहित अन्य संकेतों की निगरानी भी करती है। आपात स्थितियों में यह जीवनरक्षक की भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि अब सेटेलाइट हॉस्पिटल में ही गंभीर और लंबे ऑपरेशन सुरक्षित रूप से संभव होंगे। इससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी और चिकित्सकों को भी अपने कर्तव्य निभाने में सुविधा होगी। अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने विधायक भदेल का आभार जताया और कहा कि यह मशीन अस्पताल की पहचान को और मजबूत करेगी।
इस अवसर पर शहर जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह जौदान, आदर्श मंडल अध्यक्ष हितेश ढाबरिया, पार्षद देवेन्द्र सिंह शेखावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और चिकित्सक उपस्थित रहे।
अखबार पढ़ें “खबर वन न्यूज”
