अजमेर, 29 अगस्त। नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर अजमेर में चुनावी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है। शनिवार को नगर निगम अजमेर के विभिन्न वार्डों में नामांकन प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में दावेदारों ने नामांकन फॉर्म लिए, जबकि कई उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा भी कराए। नामांकन केंद्रों पर दिनभर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही।
शनिवार को वार्ड संख्या 1 से 20 तक 163 नामांकन फॉर्म वितरित किए गए, जिनमें से 9 फॉर्म जमा हुए। वार्ड 21 से 40 तक 100 फॉर्म वितरित किए गए और 9 नामांकन जमा हुए। वार्ड 41 से 60 तक 110 फॉर्म वितरित हुए, जबकि वार्ड 61 से 80 तक 122 फॉर्म वितरित किए गए। इन सभी वार्डों के लिए चार सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के माध्यम से नामांकन प्रक्रिया संचालित की गई।
कई वार्डों में निर्दलीयों ने खोला मोर्चा
वार्ड 1 से 20 के बीच निर्दलीय प्रत्याशियों में वार्ड 4 से हेमा गहलोत, वार्ड 13 से अहमद हुसैन, वार्ड 5 से गोजु देवी और वार्ड 1 से बनवारी लाल शर्मा ने नामांकन किया। वहीं कांग्रेस की ओर से वार्ड 12 से संगीता, वार्ड 13 से खुशनूर खानम और वार्ड 14 से वाहिद मोहम्मद ने नामांकन दाखिल किया।
वार्ड 21 से 40 में भी कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों की सक्रियता देखने को मिली। वार्ड 33 से उम्मेद सिंह, वार्ड 22 से दीपेश हरियाला और वार्ड 28 से संजय वर्मा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। कांग्रेस की ओर से बालकिशन शर्मा, सरजू देवी, खुशनुमा परवीन, सीमा, नीलम सियोल और संजय वर्मा सहित अन्य प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड 40 से आम आदमी पार्टी के शिव राम सिंह ने भी नामांकन किया।
वार्ड 41 से 80 तक भी बढ़ी चुनावी हलचल
वार्ड 41 से 60 के बीच वार्ड 43 से निर्दलीय निर्मला जाटव और वार्ड 52 से निर्दलीय गोविंद ने नामांकन किया। कांग्रेस की ओर से काजल यादव, तरुणा और खेमचंद ने विभिन्न वार्डों से नामांकन दाखिल किया। वहीं वार्ड 61 से 80 में वार्ड 76 से निर्दलीय प्रत्याशी पूजा तोलवानी ने नामांकन दाखिल किया।
फॉर्म वितरण के आंकड़े दे रहे चुनावी तस्वीर का संकेत
नामांकन पत्रों के वितरण के आंकड़े बताते हैं कि अभी चुनावी मैदान पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। बड़ी संख्या में दावेदारों द्वारा फॉर्म लेने के बाद आगामी दिनों में नामांकन जमा होने के साथ तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है। राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ-साथ निर्दलीय दावेदार भी कई वार्डों में मुकाबले को त्रिकोणीय या बहुकोणीय बना सकते हैं।
अजमेर नगर निगम चुनाव में अब नामांकन प्रक्रिया के साथराजनीतिक समीकरण तेजी से बदलने लगे हैं। आने वाले दिनों में कौन मैदान में टिकता है और कौन अपना नाम वापस लेता है, यह तस्वीर चुनावी मुकाबले की वास्तविक दिशा तय करेगी।
