जयपुर-अजमेर हाइवे पर गैस सिलेंडर से भरे ट्रक और टैंकर में भीषण टक्कर, दो घंटे तक गूंजते रहे धमाके

Spread the love

जयपुर-अजमेर हाइवे बुधवार सुबह आग और धमाकों से दहल उठा। सावरदा पुलिया के पास एक गैस सिलेंडर से भरे ट्रक और टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही सेकंड में दोनों वाहनों में आग लग गई और लगातार दो घंटे तक सिलेंडर फटते रहे। धमाकों की आवाज़ कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के द्वारा बताया गया कि , हादसे के बाद टैंकर से आग की लपटें उठीं, और कुछ सिलेंडर हवा में उड़कर दूर जा गिरे। स्थानीय लोग और आस पास के ढाबों और मकानों से लोग जान बचाकर भागे। आग की भयावहता ऐसी थी कि पास खड़े वाहन भी जलकर खाक हो गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और SDRF की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत दलों को धुएं और गैस रिसाव के बीच नाक पर रुमाल बांधकर काम करना पड़ा। फायरकर्मियों ने लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाया।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में टैंकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान जलने के कारण मुश्किल हो गई। शव की पहचान डीएनए जांच से की जाएगी। ट्रक चालक और क्लीनर बाल-बाल बच गए। पुलिस ने हाईवे के दोनों ओर ट्रैफिक रोक दिया था और घंटों जाम की स्थिति बनी रही।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर दुख जताया है और प्रशासन को मौके पर जाकर जांच और राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए हैं।
फायर अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारण करीब 200 से ज्यादा सिलेंडर फटे, और आसपास के इलाके में रासायनिक धुएं का असर देर तक महसूस हुआ।

स्त्रोत: लाइव हिंदुस्तान,टाइम्स ऑफ इंडिया,राजस्थान पत्रिका,दैनिक भास्कर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *