राजस्थान के पांचों विद्युत निगमों में ऑनलाइन परीक्षा, 727 इलेक्ट्रिकल सहित 869 पदों पर होगी भर्ती
जयपुर, 19 नवंबर। राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम की ओर से राजस्थान के पांचों विद्युत निगमों में कनिष्ठ अभियंता-प्रथम के 869 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा 29 और 30 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा राजस्थान के 12 जिलों में प्रस्तावित है।
भर्ती में इलेक्ट्रिकल के 727, मैकेनिकल के 110 और सिविल के 32 पद शामिल हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रथम चरण में उनकी परीक्षा तिथि, समय और परीक्षा केंद्र वाले जिले की जानकारी जारी कर दी गई है। अभ्यर्थियों को यह सूचना एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से भेजी गई है।
परीक्षा केंद्र का वास्तविक नाम, उसका गूगल लिंक तथा परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी 25 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी पांचों विद्युत निगमों की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
इसके अलावा कनिष्ठ सहायक/वाणिज्यिक सहायक-द्वितीय के 765 पदों के लिए परीक्षा की तिथि, समय और परीक्षा शहर की सूचना 25 नवंबर को जारी की जाएगी। वहीं कनिष्ठ लेखाकार के 371 पदों के लिए परीक्षा संबंधी सूचना 1 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी।
विद्युत उत्पादन निगम ने परीक्षा केंद्रों की जानकारी जारी करने में अतिरिक्त गोपनीयता बरतने का निर्णय लिया है। इसी कारण परीक्षा संबंधी जानकारी दो चरणों में जारी की जा रही है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे एसएमएस, ई-मेल और संबंधित विद्युत निगमों की वेबसाइट पर जारी आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखें।
यह भी देखें :
