आरबीआई की अपील: बैंक खाते और लॉकर में नामांकन कराएं, जरूरत के समय परिवार को मिलेगी राहत
नई दिल्ली। (एजेंसी) बैंक में खाता खुलवाते समय अक्सर लोग नॉमिनी यानी नामांकित व्यक्ति का नाम दर्ज कराना जरूरी नहीं समझते। कई लोग वर्षों तक बैंकिंग करते रहते हैं, लेकिन उनके खाते में नॉमिनी का नाम दर्ज नहीं होता। ऐसी लापरवाही परिवार के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक खातों और सुरक्षित जमा लॉकर में नामांकन दर्ज कराने तथा पुराना नामांकन अपडेट रखने की अपील की है।
नॉमिनी बनाने से क्या फायदा होगा?
नॉमिनी वह व्यक्ति होता है, जिसे खाताधारक अपने बैंक खाते या लॉकर के संबंध में नामांकित करता है। खाताधारक की मृत्यु होने पर नॉमिनी के जरिए बैंक में जमा राशि के दावे और लॉकर से जुड़ी प्रक्रिया को पूरा करना आसान हो सकता है। हालांकि, नॉमिनी का नाम दर्ज होने का अर्थ यह नहीं है कि उत्तराधिकार से जुड़े सभी कानूनी विवाद अपने आप समाप्त हो जाएंगे।
एक खाते में कितने नॉमिनी बना सकते हैं?
आरबीआई की जानकारी के अनुसार, बैंक खाते में एक साथ अधिकतम चार नॉमिनी दर्ज किए जा सकते हैं। खाताधारक प्रत्येक नॉमिनी के लिए हिस्सेदारी निर्धारित कर सकता है। इसके अलावा, क्रमिक नामांकन का विकल्प भी उपलब्ध है, जिसमें प्राथमिकता के क्रम में अधिकतम चार व्यक्तियों के नाम दर्ज किए जा सकते हैं।
सुरक्षित जमा लॉकर के लिए भी क्रमिक रूप से अधिकतम चार नॉमिनी दर्ज किए जा सकते हैं।
बैंक में जाकर क्या करना होगा?
नॉमिनी बनाने के लिए अपने बैंक की शाखा में संपर्क करें या बैंक की उपलब्ध ऑनलाइन सुविधा का इस्तेमाल करें। बैंक से नामांकन फॉर्म लेकर उसमें नॉमिनी का नाम, संबंध और मांगी गई अन्य जानकारी भरें। बैंक की प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म जमा करें और नामांकन दर्ज होने की पुष्टि अवश्य प्राप्त करें।
यदि पहले से नॉमिनी बना हुआ है, लेकिन अब परिवार की परिस्थितियां बदल गई हैं, तो नामांकन अपडेट कर सकते हैं ।
आज का छोटा कदम, कल बड़ी राहत
अपने बैंक खाते की पासबुक, बैंकिंग ऐप या शाखा के माध्यम से पता करें कि नॉमिनी दर्ज है या नहीं। यदि नहीं है, तो आज ही प्रक्रिया पूरी करें। अपने परिवार के सदस्यों को भी इस बारे में जागरूक करें।
अधिकृत जानकारी के लिए आरबीआई की वेबसाइट: https://rbikehtahai.rbi.org.in/hindi/index.html
RBI द्वारा जारी वीडियो देखें : नीचे लिंक में
