जिला कलक्टर लोक बन्धु का राज्य स्तर पर सम्मान, मुख्यमंत्री ने प्रदान किया योग्यता प्रमाण-पत्र

Spread the love

अजमेर, 15 अगस्त। स्वाधीनता दिवस-2026 के अवसर पर बीकानेर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में अजमेर जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु को प्रशंसनीय राज्य सेवा एवं कुशल कार्य निष्पादन के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने उन्हें योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनकी प्रशासनिक सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की।

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने अजमेर में अपने कार्यकाल के दौरान जनकल्याण और प्रशासनिक सुधारों को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण पहल कीं। दिव्यांगजनों को पात्रतानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष सर्वेक्षण एवं अभियान चलाया गया। इसके परिणामस्वरूप एक हजार से अधिक दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए गए।

इसी प्रकार सरकारी भूमि, जल निकायों, मंदिर माफी भूमि और कैचमेंट क्षेत्रों से जुड़े भूमि विवादों के निस्तारण के लिए विशेष प्रयास किए गए। सरकारी एवं वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए भी विशेष अभियान संचालित किए गए, जिससे सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण और प्रशासनिक कार्रवाई को गति मिली।

मातृ-शिशु स्वास्थ्य को भी दी प्राथमिकता

जिला प्रशासन ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी विशेष अभियान चलाया। बच्चों में कुपोषण तथा बच्चों और गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की पहचान, पोषण, सप्लीमेंटेशन और नियमित फॉलोअप पर विशेष ध्यान दिया गया। इन अभियानों का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाना रहा।

राज्य स्तरीय सम्मान को जिला प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह सम्मान प्रशासनिक कार्यों में नवाचार, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन तक सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयासों की पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *