पिता के प्रेम को पर्दे पर उतारेगी “फादर्स लव” फिल्म,कमाई का आधा हिस्सा कैंसर मरीजों को समर्पित”

Spread the love

जयपुर में पूरी स्टारकास्ट का मीडिया संवाद, राजस्थान के कलाकारों को मिला बॉलीवुड में बड़ा मंच

जयपुर। मनोरंजन की दुनिया में जहां अधिकांश फिल्में केवल व्यवसायिक सफलता के लिए बनाई जाती हैं, वहीं 19 जून 2026 को रिलीज होने जा रही हिंदी फीचर फिल्म “समर्पित : फादर्स लव” अपने भावनात्मक विषय और सामाजिक सरोकारों के कारण अलग पहचान बना रही है। फिल्म की पूरी स्टारकास्ट ने जयपुर में आयोजित विशेष मीडिया संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेकर फिल्म के उद्देश्य, कहानी और सामाजिक संदेश को साझा किया।

नैशा फिल्म्स के बैनर तले निर्मित इस फिल्म का लेखन एवं निर्देशन एहसान खान ने किया है, जबकि निर्माता साक्षी यादव हैं। फिल्म एक ऐसे पिता की संघर्षपूर्ण यात्रा को दर्शाती है, जो अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर कठिनाई को प्रेम और मुस्कान के साथ स्वीकार करता है।

फिल्म के मुख्य कलाकार अंकित यादव और कोमल हरपालानी हैं। इसके साथ ही जयपुर के प्रतिभाशाली कलाकार अमित सक्सेना, आंचल पारिख, सुरेंद्र यादव और देवेंद्र गुप्ता भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म में जया भट्टाचार्य, जावेद हैदर, मीत वर्मा, देव व्यास और प्राशिका शर्मा जैसे अनुभवी कलाकार भी अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

फिल्म के गीत प्रसिद्ध गायक शाहिद माल्या की आवाज में हैं, जिन्हें पहले ही दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बॉलीवुड लेखक इकराम अख्तर, बॉलीवुड बाबा के संस्थापक नवीन श्रीवास्तव, राजेश पेसवानी, ललित सक्सेना और अनुराग शर्मा सहित फिल्म जगत से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे।

इस फिल्म की सबसे बड़ी विशेषता इसकी मानवीय सोच है। निर्माता साक्षी यादव और नैशा फिल्म्स ग्रुप ने घोषणा की है कि फिल्म की नेट बॉक्स ऑफिस कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा कैंसर मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सहायता के लिए दान किया जाएगा। फिल्म जगत में इस प्रकार की पहल को सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।

विशेष बात यह भी है कि फिल्म में बड़ी संख्या में राजस्थान के कलाकारों को अवसर मिला है। बॉलीवुड बाबा के माध्यम से चयनित इन कलाकारों ने यह साबित किया है कि राजस्थान की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार हैं।

कार्यक्रम के दौरान फिल्म का एक्सक्लूसिव प्रोमो भी प्रदर्शित किया गया, जिसे मीडिया प्रतिनिधियों और उपस्थित दर्शकों ने सराहा। भावनाओं, संघर्ष, त्याग और सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश देने वाली “समर्पित : फादर्स लव” केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि पिता के निस्वार्थ प्रेम को समर्पित एक भावनात्मक आंदोलन बनकर सामने आ रही है।

19 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही यह फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ समाज सेवा का भी संदेश देगी और संभवतः बॉलीवुड में सामाजिक उत्तरदायित्व की नई मिसाल स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *